भारत

बगड़िया टॉवर में आग, फ्लैटों में फंसे लोगों का रेस्क्यू; मौके पर 7 दमकल

SHIDDHANT
11 Nov 2026 8:04 PM IST
बगड़िया टॉवर में आग, फ्लैटों में फंसे लोगों का रेस्क्यू; मौके पर 7 दमकल
x
दमकल विभाग
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में पुरानी कोतवाली के पास स्थित बगड़िया टॉवर की एक दवाई की दुकान में आग लग गई। आग से उठे धुएं के कारण इमारत की ऊपरी मंजिल पर बने रहवासी फ्लैटों में कुछ लोग फंस गए। सूचना मिलते ही दमकल, पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। सात दमकल वाहनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है।
उज्जैन कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी रौशन कुमार सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमें सक्रिय हो गई थीं। इमारत से लोगों को एक-एक कर बाहर निकाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। एसडीआरएफ की टीमें भी बचाव अभियान में जुटी हुई हैं।
एसपी प्रदीप शर्मा के अनुसार, बगड़िया टॉवर कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है। इमारत में स्थित एक दवाई की दुकान में आग लगने से धुआं फैल गया। ऊपरी मंजिल पर चार रहवासी फ्लैट बने हैं, जिनमें कुछ लोग फंस गए थे। स्थानीय लोगों ने समय रहते बचाव कार्य शुरू कर दिया और लोगों को बाहर निकालने में मदद की। एसपी ने बताया कि मौके पर सात फायर ब्रिगेड के साथ एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें मौजूद हैं। आग को नियंत्रित करने और लोगों को सुरक्षित निकालने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, एहतियात के तौर पर रेस्क्यू किए गए लोगों को अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। प्रशासन और बचाव दलों का ध्यान फिलहाल इमारत में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा आग पर काबू पाने पर केंद्रित है।
Next Story