भारत

गद्दा फैक्टरी में भडक़ी आग, 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान

Shantanu Roy
8 Nov 2026 7:23 PM IST
गद्दा फैक्टरी में भडक़ी आग, 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान
x
हमीरपुर। नगर निगम हमीरपुर के तहत आने वाले दुग्नेड़ी क्षेत्र में गद्दे बनाने वाली एक फैक्टरी में अचानक भीषण आग लगने से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है। आगजनी की इस घटना में करीब 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। फैक्टरी में आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान फैक्टरी में मौजूद एक कर्मचारी ने किसी तरह बाहर भागकर अपनी जान बचाई। उसने आग को बुझाने का प्रयत्न किया, लेकिन आग उसके कपडों में लग गई थी। हालांकि समय रहते वह सुरक्षित बाहर निकल गया।
ऐसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने का करण शॉट-सर्किट माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार गुलाम नबी की इस में शनिवार सुबह करीब 10:45 बजे अचानक आग भडक़ उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्टरी के अंदर रखा तैयार सामान इसकी चपेट में आ गया। घटना के समय फैक्टरी में करीब पांच लाख रुपए की मशीनरी के अलावा लाखों रुपए का तैयार सामान मौजूद था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाडिय़ां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटे तक कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। वहीं, आगजनी की घटना के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा।
Next Story