
x
भीषण सड़क हादसा
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश: गुना जिले में नेशनल हाईवे-46 पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें राजस्थान पासिंग एक कंटेनर पुलिया से गिरकर आग की चपेट में आ गया। इस भीषण हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार, कंटेनर शिवपुरी-गुना मार्ग से ब्यावरा और भोपाल की ओर जा रहा था। बीनागंज बाईपास के पास अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पुलिया में जा गिरा। गिरते ही कंटेनर में भीषण आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरा वाहन आग के गोले में बदल गया।
आग इतनी तेज थी कि चालक को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और वह वाहन के भीतर ही फंस गया। मौके पर पहुंचने से पहले ही उसकी जलकर मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी। हादसे में क्लीनर मनीष बघेल (निवासी शिवपुरी) गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गुना रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि कंटेनर राजस्थान नंबर का था।
सूचना मिलते ही बीनागंज चौकी पुलिस, चाचौड़ा थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस दौरान हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। चाचौड़ा एसडीओपी मनोज कुमार झाने ने बताया कि हादसे में चालक की मौत हो गई है और घायल क्लीनर का इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Next Story





