भारत
IIT बॉम्बे छात्र की मौत मामले में प्रोफेसर पर FIR, पिता ने लगाए जातिगत उत्पीड़न के आरोप
jantaserishta.com
20 Sept 2026 3:35 PM IST

x
मुंबई: मुंबई के IIT बॉम्बे में 22 वर्षीय छात्र साहिल रविंद्र वाकोडे की मौत के मामले में पुलिस ने एक प्रोफेसर के खिलाफ FIR दर्ज की है। साहिल के पिता ने आरोप लगाया है कि उनके बेटे को करीब तीन महीने तक जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर परेशान किया गया। शिकायत में संस्थान के निदेशक, कुछ फैकल्टी सदस्यों और वरिष्ठ अधिकारियों के नाम भी शामिल किए गए हैं। पुलिस ने मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने और SC/ST एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच अब मुंबई क्राइम ब्रांच कर रही है।
पिता ने प्रोफेसर और अधिकारियों पर लगाए आरोप
साहिल के पिता की शिकायत के आधार पर प्रोफेसर सूर्यनारायण डल्ला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि साहिल को लंबे समय से परेशान किया जा रहा था और उसके साथ जाति को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया।
पिता ने IIT बॉम्बे के डायरेक्टर श्रीशिश बी. केदारे समेत कुछ अन्य अधिकारियों और फैकल्टी सदस्यों के नाम भी शिकायत में दिए हैं। आरोप है कि यह सब संस्थान के निदेशक के निर्देश पर हुआ। इन आरोपों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
साहिल एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में BTech सेकंड ईयर का छात्र था। 18 सितंबर की शाम उसकी मौत की जानकारी सामने आई। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
IIT बॉम्बे ने परीक्षा में फोन इस्तेमाल करने की बात कही
संस्थान की ओर से जारी जानकारी में बताया गया कि घटना से पहले साहिल एक परीक्षा में शामिल हुआ था। IIT बॉम्बे के मुताबिक, परीक्षा के दौरान उसके पास मोबाइल फोन पाया गया था और उसने पेपर को ChatGPT पर अपलोड करके जवाब हासिल करने की कोशिश की थी।
संस्थान का कहना है कि इस मामले में साहिल के खिलाफ औपचारिक अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। इंस्ट्रक्टर और विभाग प्रमुख ने उससे बातचीत की तथा काउंसलिंग की गई। संस्थान के अनुसार, उसे यह भी बताया गया था कि इस घटना का उसके अकादमिक भविष्य पर असर नहीं पड़ेगा। सके बाद साहिल हॉस्टल लौट गया था। बाद में उसकी मौत की जानकारी मिली।
छात्रों ने किया प्रदर्शन, परीक्षाएं भी टलीं
साहिल की मौत के बाद IIT बॉम्बे परिसर में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। 18 सितंबर की रात शुरू हुआ प्रदर्शन अगले दिन भी जारी रहा। 400 से अधिक छात्रों के प्रदर्शन के बीच सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई।
छात्रों की नाराजगी के बीच संस्थान ने मिड-सेमेस्टर परीक्षाएं आगे बढ़ा दीं। बाद में डायरेक्टर प्रो. शिरीष केदारे ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात भी की। साहिल की मां भी मुंबई पहुंचीं और उन्होंने बेटे के मामले में न्याय की मांग की। यह घटना IIT बॉम्बे में सात महीने के भीतर छात्र की मौत से जुड़ा तीसरा मामला बताया गया है।
IIT में छात्रों के मानसिक दबाव पर उठे सवाल
ग्लोबल IIT एलुमनाई सपोर्ट ग्रुप के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 20 वर्षों में IIT के 160 छात्रों की आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। समूह का दावा है कि इनमें 43 प्रतिशत मामले पिछले पांच वर्षों में हुए।
2025 में ऐसे 16 मामले दर्ज किए गए थे, जबकि सितंबर 2026 तक IIT संस्थानों में 9 मामले सामने आने का दावा किया गया है। इसी समूह के एक सर्वे में 61 प्रतिशत छात्रों ने अकादमिक दबाव को आत्महत्या से जुड़ा प्रमुख कारण बताया।
शिक्षा मंत्रालय ने 2024 में प्रत्येक 1,000 छात्रों पर एक काउंसलर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा था। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक IIT खड़गपुर, IIT दिल्ली और IIT कानपुर में छात्रों और काउंसलरों का अनुपात इस लक्ष्य से अधिक था।
IIT बॉम्बे में छात्रों के लिए स्टूडेंट वेलनेस सेंटर भी है, जहां काउंसलिंग और तनाव से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराई जाती है। मौजूदा FIR के बाद अब पुलिस जांच से यह स्पष्ट होना बाकी है कि साहिल की मौत से पहले उसके साथ वास्तव में क्या हुआ था और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





