
x
जेल से आया धमकी भरा पर्चा, नहीं दिया पैसा तो फायरिंग
Madhya Pradesh मध्य प्रदेश: पिपरिया में इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी सचिन जायसवाल से 5 लाख रुपये की फिरौती मांगने और उनकी दुकान पर फायरिंग करने वाले अंतर-जिला गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके पास से एक अंग्रेजी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरी वारदात बड़वानी जेल में बंद कुख्यात अपराधी रज्जू पूर्विया के इशारे पर रची गई थी। आरोप है कि रज्जू ने जेल से ही जीतू ठाकुर को व्यापारियों से वसूली का जिम्मा सौंपा था। इसके बाद जीतू ठाकुर और आमिर खान ने मिलकर इस गिरोह को संगठित किया।
जानकारी के अनुसार, वारदात के लिए 40,000 रुपये में पिस्टल नर्मदापुरम के शाहिद खान उर्फ भूरा कबाड़ी से खरीदी गई थी। 15 मई 2026 को आरोपी आमिर खान ने व्यापारी की दुकान में घुसकर फिरौती की पर्ची दी और विरोध करने पर फायरिंग की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीमों ने रायसेन, भोपाल और नर्मदापुरम में दबिश देकर जीतू उर्फ जितेंद्र राजपूत, आमिर खान और शाहिद उर्फ भूरा कबाड़ी को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में जीतू ठाकुर का भाई वीरू उर्फ वीरेंद्र राजपूत भी पकड़ा गया, जो लंबे समय से फरार था। पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
Next Story





