भारत
खाटू श्याम मंदिर में श्रद्धालुओं और दुकानदारों के बीच मारपीट, पुलिस ने चार को किया गिरफ्तार
Shantanu Roy
11 July 2025 6:33 PM IST

x
बड़ी खबर
Sikar. सीकर। राजस्थान के प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय दुकानदारों के बीच शुक्रवार को जमकर विवाद और मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दुकानदारों को श्रद्धालुओं पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए साफ देखा जा सकता है। इस घटना ने श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी पैदा कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह घटना क्षणिक आवेश में हुई प्रतीत होती है, लेकिन मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
राजस्थान, सीकर का खाटूश्यामजी जहाँ लोग भक्ति और आस्था लेकर आते हैं और लौटते हैं जख्म लेकर।
— B_L Bairwa (@BSSVERMA) July 11, 2025
भारी बारिश में श्रद्धालुओं ने दुकानों के पास कुछ पल छांव ली —
बस इतनी सी बात पर स्थानीय दुकानदारों ने लट्ठ बरसा दिए।
पुरुष ही नहीं,महिलाओं पर भी बर्बरता!
pic.twitter.com/IMALqAFYuE
बारिश के दौरान दुकानों की ओर भागे श्रद्धालु
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की सुबह खाटू श्याम मंदिर में भारी बारिश हो रही थी। इसी दौरान मध्य प्रदेश से आए कई श्रद्धालु दर्शन कर लौट रहे थे। बारिश से बचने के लिए कुछ श्रद्धालु पास ही की दुकानों की ओर भागे और एक दुकान में शरण लेने की कोशिश की। श्रद्धालु परिवार की ओर से थोड़ी देर रुकने की गुहार लगाई गई, लेकिन दुकानदारों ने उन्हें बाहर निकलने को कहा। इस पर कहासुनी शुरू हो गई और मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया। बात बढ़ने पर दुकानदारों ने लाठी-डंडों से श्रद्धालुओं पर हमला कर दिया। जवाब में श्रद्धालुओं ने भी प्रतिरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई।
वीडियो वायरल, दोनों पक्षों में आरोप-प्रत्यारोप
इस घटना का वीडियो वहां मौजूद एक व्यक्ति ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो के सार्वजनिक होने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आई और जांच शुरू की। श्रद्धालुओं का आरोप है कि दुकानदारों ने बिना किसी उकसावे के हमला किया, वहीं दुकानदारों का कहना है कि श्रद्धालु जबरन दुकान में घुस आए और हंगामा करने लगे।
पुलिस की कार्रवाई जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया गया। अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य की पहचान की जा रही है। पूरे मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल बढ़ा दिया है। स्थानीय प्रशासन ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति अफवाहों पर ध्यान न दे और संयम बनाए रखें।
Next Story





