भारत
महिला सरपंच से मारपीट, थाने में भी दुर्व्यवहार; पुलिस ने दर्ज की FIR
jantaserishta.com
17 Dec 2025 10:28 AM IST

x
जांच शुरू.
यमुनानगर: यमुनानगर के छप्पर थाना क्षेत्र के गांव ऊंचा चांदना में आयोजित महिला समूह की बैठक के दौरान दौलतपुर गांव की सरपंच पिंकी के साथ कुछ लोगों ने कथित रूप से मारपीट की। सरपंच का आरोप है कि जब वह इस घटना की शिकायत देने थाना छप्पर पहुंचीं, तो वहां भी उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की गई। सरपंच ने आरोपियों द्वारा जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का भी आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दौलतपुर की सरपंच पिंकी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 दिसंबर को गांव ऊंचा चांदना में महिला समूह की बैठक चल रही थी। इसी दौरान देवेंद्र राणा नामक व्यक्ति बिना बुलाए बैठक में पहुंच गया और महिला समूह के पैसों के कथित दुरुपयोग को लेकर आरोप लगाने लगा। जब सरपंच पिंकी ने इन आरोपों को निराधार बताया, तो वह उग्र हो गया और अपने साथियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट करने लगा।
सरपंच पिंकी ने समाचार एजेंसी को बताया कि घटना के बाद वह शिकायत दर्ज कराने थाना छप्पर पहुंचीं, लेकिन वहां भी उन्हें न्याय मिलने के बजाय दुर्व्यवहार का सामना करना पड़ा। उनका आरोप है कि आरोपी पहले से ही थाने में मौजूद था और जैसे ही वह अपनी कार से उतरीं, उसने उन पर हमला कर दिया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद है, जिसमें आरोपी की हरकतें कैद हुई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने कई बार उन्हें जान से मारने की कोशिश की और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया।
इस पूरे मामले को लेकर महिला सरपंच पिंकी जगाधरी स्थित डीएसपी कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने डीएसपी रजत गुलिया से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी। सरपंच ने बताया कि डीएसपी ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि न केवल बैठक के दौरान हुई मारपीट, बल्कि थाना परिसर में हुई घटना को भी गंभीरता से लिया जाएगा।
वहीं, डीएसपी रजत गुलिया ने आईएएनएस को बताया कि पीड़ित महिला सरपंच उनके पास पहुंची थीं। जानकारी के अनुसार, 11 दिसंबर को ऊंचा चांदना में एक बैठक के दौरान उनके साथ बदतमीजी की गई थी। इसके बाद जब वह शिकायत लेकर थाना छप्पर पहुंचीं, तो दूसरा पक्ष पहले से वहां मौजूद था और थाना परिसर में ही उनके साथ मारपीट की गई। इस संबंध में शिकायत दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





