भारत

ताजमहल पहुंची महिला पर्यटक की मौत, ग्रसित थी सांस की बीमारी से

Nilmani Pal
20 March 2024 1:43 AM GMT
ताजमहल पहुंची महिला पर्यटक की मौत, ग्रसित थी सांस की बीमारी से
x
मौत की वजह डॉक्टरों ने बताया

यूपी। मंगलवार को आगरा के ताजमहल देखने आई एक बुजुर्ग महिला की तबियत बिगड़ गई। परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे। वहां डाक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। महिला का पोस्टमार्टम कराया गया है। 65 वर्षीया पार्वती पत्नी राम प्रताप निवासी ग्राम ताजिया खेड़ा जिला सिरसा हरियाणा पर्यटक ग्रुप के साथ ताजमहल देखने आई थीं। उनके साथ उनकी ननद भी थी। उनकी उम्र भी लगभग 70 वर्ष थी। शाम लगभग छह बजे वह ताजमहल देखने के बाद बाहर की तरफ लौट रहीं थीं। उसी दौरान फोरकोर्ट के पास वह गिरकर बेहोश हो गई। ग्रुप के अन्य सदस्यों ने उनके हाथ-पांव मले।

लोगों ने ताजमहल में तैनात सुरक्षाकर्मियों की मदद से महिला को व्हील चेयर पर बैठाया। पहले ताजमहल परिसर में उनका प्राथमिक इलाज किया गया। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि महिला पर्यटक को एंबुलेंस से शांति मांगलिक अस्पताल भिजवाया गया। चिकित्सक द्वारा महिला पर्यटक को एंबुलेंस में ही चेक करने के बाद मृत घोषित कर दिया गया।

फिर भी पर्यटक की तबीयत के विषय में सही जानकारी के लिए पर्यटक को एसएन मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। जहां पर महिला पर्यटक को मृत घोषित कर दिया गया। एसीपी ताज सुरक्षा अरीब अहमद ने बताया कि महिला पर्यटक को सांस की बीमारी थी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि महिला पर्यटक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।

Next Story