भारत

महिला तांत्रिक की हत्या, कातिल ने पहले मारा चाकू फिर सिर को पत्थर से कुचला

Nilmani Pal
20 Jun 2023 2:29 AM GMT
महिला तांत्रिक की हत्या, कातिल ने पहले मारा चाकू फिर सिर को पत्थर से कुचला
x
पढ़ें पूरी खबर

रांची। झारखंड में डायन बिसाही के आरोप में हत्या की एक और वारदात सामने आई है। इस बार भी एक वृद्ध महिला अंधविश्वास का शिकार बनी है। मामला चतरा जिला के लवालौंग थानाक्षेत्र अंतर्गत टेवना गांव की है जहां झाड़-फूंक का आरोप लगाकर बुजुर्ग महिला की उसकी 5 वर्षीय पोती के सामने निर्ममता से हत्या कर दी गई। मृत महिला की शिनाख्त तेतरी के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि तेतरी गांव में ही झाड़-फूंक का काम किया करती थी। आरोपी को शक था कि महिला जादू-टोना कर उसे परेशान करती है।

मृत महिला के परिजनों ने बताया कि तेतरी रविवार की शाम अपनी 5 वर्षीय पोती के साथ घर का राशन खरीदने के लिए लावालौंग गई थी। सामान खरीदने के बाद देर शाम वह अपनी पोती के साथ घर वापस जा रही थी। इसी बीच लावालौंग से थोड़ी ही दूर निकलने पर जंगल के रास्ते में गांव के ही 30 वर्षीय युवक उपेंद्र गंझू ने महिला के ऊपर हमला कर दिया। जब नन्ही बच्ची रोते चिल्लाते हुए उसका विरोध की तब आरोपी ने उसे लात मारकर गिरा दिया। जिसके बाद आरोपी ने महिला के पेट में चाकू मार दिया जिससे वह गिर गई। इसके बाद पत्थर से उसके चेहरे व सर को कुचकर घसीटते हुए जंगल के गड्ढे में डाल दिया। घटना को अंजाम देने के बाद उपेंद्र ने घर पहुंच कर अपने परिजनों से बताया कि उसने तेतरी को मार दिया है। इस दौरान पानी भरने पहुंची मृतक की बहू के कानों तक यह आवाज पहुंच गई और उसने अपने परिजनों को बताया।

गौरतलब है कि झारखंड में डायन बिसाही के खिलाफ सख्त कानून है बावजूद इसके जागरुकता की कमी और सुदूरवर्ती ग्रामीण इलाकों में अंधविश्वास की वजह से हत्याओं का सिलसिला नहीं थम सका है। पिछले 2-3 महीनों में कम से कम आधा दर्जन लोगों की हत्या डायन बिसाही के आरोप में कर दी गई। लातेहार और गुमला में दंपति की हत्या की गई। डायन बिसाही के शक में हत्याओं को रोकने के लिए समय-समय पर सरकार और स्वयंसेवी संस्थाओं द्वारा जागरुकता अभियान चलाया जाता है लेकिन इन हत्याओं को रोकना अभी भी चुनौती है।


Next Story