
हमीरपुर में XEN की ऑफिस में पिटाई, विधवा महिला कर्मचारी ने जड़े छह थप्पड़; अश्लील इशारे करने का आरोप हमीरपुर। बिजली विभाग के एक अधिशासी अभियंता (XEN) को अपनी ही महिला सहकर्मी के गुस्से का सामना करना पड़ा। कार्यालय के अंदर एक विधवा महिला कर्मचारी ने XEN मनोज विश्वकर्मा को कथित तौर पर छह थप्पड़ जड़ दिए। घटना के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया। महिला ने अधिकारी पर अश्लील हरकतें करने और इशारेबाजी के जरिए परेशान करने के आरोप लगाए हैं। मामला बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता मनोज विश्वकर्मा से जुड़ा है। उनकी उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। आरोप है कि विभाग में तैनात एक विधवा महिला कर्मचारी के साथ वह काफी समय से अश्लील हरकतें और आपत्तिजनक इशारे कर रहे थे। महिला के पति का निधन हो चुका है। आरोप है कि अधिकारी उसकी स्थिति का फायदा उठाकर उसे परेशान कर रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज महिला ने कार्यालय के भीतर ही अपना आपा खो दिया और XEN मनोज विश्वकर्मा पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। महिला ने अधिकारी को एक-दो नहीं, बल्कि छह थप्पड़ मारे। कार्यालय में हुई इस घटना से वहां मौजूद कर्मचारी भी हैरान रह गए। घटना के बाद मामला और गरमा गया। बिजली विभाग के कई कर्मचारी XEN के खिलाफ कार्रवाई की मांग लेकर थाने पहुंच गए। कर्मचारियों ने मनोज विश्वकर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किए जाने की मांग उठाई है। फिलहाल इस पूरे मामले में अधिकारी पर लगे आरोपों की जांच और पुलिस कार्रवाई पर सबकी नजरें टिकी हैं।
— Asif Ansari (@Asifansari9410) November 20, 2026





