गैंगरेप में शामिल महिला दलाल गिरफ्तार, चला रही थी सेक्स रैकेट
![गैंगरेप में शामिल महिला दलाल गिरफ्तार, चला रही थी सेक्स रैकेट गैंगरेप में शामिल महिला दलाल गिरफ्तार, चला रही थी सेक्स रैकेट](https://jantaserishta.com/h-upload/2025/02/10/4374360-untitled-2-copy.webp)
यूपी। गोरखपुर के एक हुक्का बार में किशोरियों को फंसा कर लाने वाली रेशमा खान के साथ ही उसके दो और साथियों, मुस्कान और श्रेय को रविवार को पुलिस ने रामगढ़ताल इलाके से गिरफ्तार कर लिया। शहर के चिलुआताल इलाके की रहने वाली रेशमा शाहपुर स्थित फ्लाइ इन होटल के हुक्का बार में सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद से ही फरार चल रही थी। रामगढ़ताल पुलिस को उसकी तलाश थी। रेशमा के पकड़े जाने के बाद पूछताछ में मुस्कान और श्रेयांश का नाम सामने आया, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें भी दबोच लिया। तीनों पर भोली भाली लड़कियों को चंगुल में फंसाकर देहव्यापार कराने का आरोप है।
पुलिस ने चिलुआताल के फतेहपुर डिहवा की रेशमा खान (22), खोराबार के कुस्मही बाजार ढोढ़रा पासी टोला की मुस्कान (40) और शिवपुर सहबाजगंज पादरी बाजार संगम चौराहा के श्रेय शुक्ला (22) से पूछताछ के बाद रविवार को उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना में रेशमा खान का नाम सामने आया था। दो जनवरी को रामगढ़ताल में केस दर्ज होने के बाद सामूहिक दुष्कर्म के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था और रेशमा की तलाश चल रही थी।
सामूहिक दुष्कर्म की शिकार रामगढ़ताल इलाके की किशोरी ने रेशमा के बारे में बताया था। पीड़िता ने बताया कि रेशमा उसे फंसाकर हुक्का बार ले जाती थी। उसने कई और लड़कियों की जिंदगी बर्बाद की है। मेडिकल कॉलेज स्थित जिस मकान में रेशमा रहती थी, पुलिस ने उनसे भी पूछताछ की। मकान मालिक ने बताया कि वह देर रात तक पार्टी करती थी। उसकी गतिविधियां अच्छी नहीं थीं। हुक्का बार में 10 जनवरी को शाहपुर पुलिस ने छापा मारा और 14 जनवरी को अनिरूद्ध ओझा और अनुराग सिंह को गिरफ्तार कर जेल भिजवाया था। इस दौरान ही रेशमा कमरा खाली कर निकल गई थी।