भारत
स्वच्छ भारत अभियान से संबंधित गीत बजने से हुआ खफा, रिटायर्ड फौजी ने गोली चलाई
jantaserishta.com
30 May 2023 8:08 AM IST

x
DEMO PIC
गिरफ्तार.
गाजियाबाद (आईएएनएस)| गाजियाबाद में एक रिटायर्ड फौजी ने रोजाना अपनी गली में कूड़ागाड़ी में स्वच्छ भारत अभियान से संबंधित गीत बजने से तंग आकर कूड़ा एकत्र करने वाले एक कर्मचारी पर गोली चला दी। हालांकि, कर्मचारी इस घटना में बाल-बाल बच गया। इससे पहले भी रिटायर्ड फौजी ने सफाई कर्मचारी को धमकाया था और तेज आवाज में स्वच्छता गीत बजाने से मना किया था। फिलहाल पुलिस ने आरोपी फौजी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। मामला गाजियाबाद के लोनी इलाके का है। फायरिंग की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने माहौल शांत कराया। आरोप है कि सुबह के समय कूड़ा उठाने वाली गाड़ी आई, तो उसमें बज रहे स्वच्छ भारत अभियान से जुड़े गीत को लेकर विवाद हुआ। इस पर स्थानीय लोगों ने भी रिटायर्ड फौजी की बात का विरोध किया, तो जमकर हंगामा हुआ और मारपीट हो गई।
जब भी गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में कूड़ा उठाने वाली गाड़ी आती है तो उस पर अनाउंसमेंट हो रहा होता है। बीच-बीच में अनाउंसमेंट के अलावा उस पर 'स्वच्छ भारत का इरादा कर लिया हमने..' गीत बज रहा होता है। इस गीत के जरिए स्वच्छ भारत मिशन का मैसेज देने की कोशिश की जाती है।
28 मई को थाना लोनी पर सूचना प्राप्त मिली की चौकी कस्बा क्षेत्र के कंचन पार्क मोहल्ला में नगर पालिका लोनी के कर्मचारी पर एक व्यक्ति द्वारा स्वच्छता अभियान गाना चलाने से मना करने की बात को लेकर मारपीट व फायरिंग की गई, जिसके संबंध में लोनी थाना में नगर पालिका कर्मी की तहरीर पर सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया व थाना लोनी पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना से संबंधित अभियुक्त तौहिद पुत्र हारुन अली निवासी कस्बा खिवाई तहसील सरदना थाना सरूरपुर जनपद मेरठ हाल पता कंचल पार्क इकराम नगर, थाना लोनी, गाजियाबाद को लाइसेंसी रिवॉल्वर व खोखा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है।
अभियुक्त ने पूछताछ में बताया, "सुबह नगर पालिका की गाड़ी कूड़ा लेने आई, जिसमें स्वच्छता अभियान का गाना बजा रहा था, जिससे मैं डिस्टर्ब हो रहा था। मैंने नगर पालिका कर्मी से गाना बंद करने को कहा तो उसने मना कर दिया। इसी बात को लेकर मेरा नगर पालिका कर्मी से झगड़ा, गाली-गलौज व मारपीट हो गई, मैंने आवेश में आकर अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से नगर पालिका कर्मी पर फायर कर दिया।"
Tagsगाजियाबादगाजियाबाद न्यूज़गाजियाबाद पुलिसरिटायर्ड फौजीफायरिंगGhaziabadGhaziabad NewsGhaziabad PoliceRetired SoldierFiring
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





