भारत

श्मशान घाट के ऊपर से जा रही 11 केवी विद्युत लाइन से हादसे की आशंका

Shantanu Roy
14 March 2024 4:40 PM IST
श्मशान घाट के ऊपर से जा रही 11 केवी विद्युत लाइन से हादसे की आशंका
x
राजसमंद। राजसमंद ग्राम पंचायत घोसुंडी में रावली बावड़ी के पास राजपूत समाज के श्मशान घाट के ऊपर से जा रही बिजली की 11केवी की लाइन को हटाने की मांग राजपूत समाज ने की है। राजपूत समाज के सदस्यों ने बताया कि श्मशान के ऊपर 11केवी की लाइन होने से दाह संस्कार करते समय हादसे की आशंका बनी रहती है। बताया कि दाह संस्कार के समय आग से कभी भी ऊपर गुज़र रही लाइन के वायर गर्म होकर टूट सकते हैं, जिससे बड़ा हादसा हो सकता है। समाज के गोविंदसिंह, विश्वराज सिंह, शिवराज सिंह, मोहब्बत सिंह, नरेंद्रपाल सिंह, भंवरसिंह, खेमसिंह, इंदरसिंह, प्रेमसिंह, भारतसिंह, लालसिंह ने बताया कि समाज की ओर से कई बार कलक्टर, आमेट एसडीएम, जिला प्रमुख, विद्युत निगम आमेट के साथ ही ऑनलाइन पोर्टल पर भी शिकायत की जा चुकी है। लेकिन, समस्या का समाधान नहीं हुआ है। बताया कि श्मशान के ऊपर पहले एक ही लाइन थी, लेकिन अब श्मशान घाट के चारों तरफ 11केवी की लाइन और निकाल दी, जिससे खतरा और बढ़ गया है। श्मशान घाट के पास में हाईटेंशन लाइन की डीपी भी लगी हुई है। मामले को लेकर घोसुंडी सरपंच बहादुर सिंह ने बताया कि उन्होंने कई बार निगम को लिखित रूप में दे दिया, परंतु कोई कार्यवाही नहीं की गई। डीपी एवं लाइन हटाने के लिए बिजली निगम की ओर से 80 हजार का डिमांड बनाकर भेजा, जो राजपूत समाज जमा करने में असमर्थ है। इस कारण समस्या यथावत बनी हुई है। निगम के नियमानुसार लाइन शिफ्टिंग के जो भी चार्ज है, वह जमा करने पर ही लाइन शिफ्टिंग की जाएगी। मौके पर जाकर तकनीकी आधार पर जगह की उपलब्धता के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
Next Story