
x
औषधि प्रशासन
मुंबई। महाराष्ट्र में दिवाली से पहले खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने मसालों और मसाला उत्पादों का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाकर करीब 19.70 करोड़ रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त किया है। इस कार्रवाई से मसाला कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
एफडीए द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 1 अप्रैल से 29 अक्टूबर 2026 के बीच राज्यभर में मसालों और मसाला उत्पादों से जुड़े कुल 1,057 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान 11,963.87 क्विंटल स्टॉक जब्त किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 19.70 करोड़ रुपये है।
जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों को 557 सुधार नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 84 खाद्य कारोबारियों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए। सबसे ज्यादा 27 लाइसेंस छत्रपति संभाजीनगर में निलंबित हुए, जबकि पुणे और अमरावती में 14-14 लाइसेंस निलंबित किए गए।
विभाग ने 23 से 29 अक्टूबर के बीच विशेष अभियान चलाया। इस दौरान केवल सात दिनों में 472 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और 783 नमूने एकत्र किए गए। इस विशेष अभियान में 13.60 करोड़ रुपये मूल्य का स्टॉक जब्त किया गया। जानकारी के मुताबिक, विभाग ने 15 अक्टूबर को नियमों के अनुपालन से संबंधित आदेश जारी किया था। इसके बाद निरीक्षण और कार्रवाई तेज की गई। हालांकि, अभी 1,053 नमूनों की विश्लेषण रिपोर्ट आनी बाकी है।
एफडीए की इस कार्रवाई का उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। लंबित जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद संबंधित मसाला उत्पादों की गुणवत्ता और नियमों के उल्लंघन की स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
Next Story





