भारत

डकैती के दौरान दंपति समेत परिवार को पीटा, जांच के लिए टीम गठित

jantaserishta.com
20 May 2026 4:22 PM IST
डकैती के दौरान दंपति समेत परिवार को पीटा, जांच के लिए टीम गठित
x
इलाके में हड़कंप.
बदायूं: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक चौंकाने वाली डकैती की घटना सामने आई है। चार बदमाशों ने इस्लामनगर कस्बे की नई बस्ती में एक युवक के घर में घुसकर लूटपाट की। बदमाशों ने परिवार के लोगों के साथ मारपीट भी की, जिसमें नजाकत और उनकी पत्नी मिस्कीन समेत अन्य परिजन घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, बदमाशों ने घर में रखे सवा लाख रुपये नकद और लाखों के जेवरात लूट लिए। जब परिवारवाले विरोध करने लगे तो बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
इसी दौरान सिठौली गांव में भी चोरी की तीन अलग-अलग घटनाएं हुई हैं। अज्ञात चोरों ने तीन घरों में घुसकर सात लाख रुपये नकद, चांदी की पायल, मंगलसूत्र, कान की बाली और अन्य कीमती सामान चुरा लिया। दोनों घटनाओं में पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसपी देहात ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि दोनों घटनाओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा, “चार बदमाशों ने एक घर में घुसकर सवा लाख रुपये नकदी और जेवरात लूट लिए। विरोध करने पर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की गई। एक अन्य घटना सिठौली गांव में हुई, जहां तीन घरों में चोरी हुई और नकदी समेत कई जेवरात चुराए गए।”
एसपी ने बताया कि प्रथमदृष्टया दोनों घटनाएं अलग-अलग लग रही हैं। पुलिस ने इन मामलों की जांच के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया है। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय जानकारी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर छानबीन की जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही दोनों घटनाओं का खुलासा कर अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाने शुरू कर दिए हैं। स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। यह घटना बदायूं जिले में अपराध पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि वह पूरे मामले को जल्द सुलझाने के लिए पूरी तरह से सक्रिय है और अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story