
x
जांच में जुटी पुलिस
Mandla. मंडला। मंडला जिले के घुघरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घोरेघाट में देर रात एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और पूरे इलाके में तनाव फैल गया। किराना दुकान पर सामान के पैसे मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि बाहर से बुलाए गए लोगों ने एक परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि महिलाएं और बच्चे समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, ग्राम घोरेघाट में बोरवेल मशीन से बोरिंग का काम चल रहा था।
देर रात कुछ कर्मचारी शराब के नशे में किराना दुकान पर पहुंचे और सामान लेने के बाद पैसे देने से इनकार करने लगे। दुकानदार अजय पड़वार ने जब पैसे मांगे तो विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी। स्थिति बिगड़ने पर बोरवेल कर्मचारियों ने मंडला से लगभग छह चारपहिया वाहनों में बड़ी संख्या में लोगों को गांव बुला लिया। इसके बाद देर रात गांव में पहुंचे लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। बताया गया कि इस दौरान दुकानदार अजय पड़वार के छोटे भाई अनिल पर भी बेरहमी से हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा और पूरे परिवार पर हमला किया गया। इस हमले में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें घुघरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद अस्पताल और गांव दोनों जगह तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही घुघरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। थाना प्रभारी पूजा बघेल पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। गांव में किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
Next Story





