विधवा महिला के साथ नकली रवि ने किया साजिश, जांच में नसीमुद्दीन निकला

यूपी। बिजनौर में एक विधवा महिला से युवक ने पहचान छिपाकर शादी कर ली। फिर बंधक बनाकर उसका धर्म परिवर्तन करा दिया। आरोपी ने महिला से मकान बनाने के नाम पर उसके आभूषण और आठ लाख रुपये भी हड़प लिए। आरोपी अब महिला के बच्चों की शादी भी अपने धर्म में कराना चाहता है। पुलिस ने महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
शहर कोतवाली के एक गांव की विधवा ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पति होटल चलाते थे। वह भी उनके साथ काम करती थी। करीब 10 साल पहले उसके पति का बीमारी के कारण निधन हो गया। आरोप है कि पति की मौत के बाद नसीमुद्दीन निवासी ग्राम बुरहानुद्दीनपुर अक्सर उनके पास आने लगा। उसने अपना नाम रवि बताते हुए कहा कि वह मिट्टी डलवाने और लकड़ी कटान का काम करता है। होटल पर आने के दौरान दोनों की नजदीकी बढ़ गई थी। आरोपी ने उससे वर्ष 2011 में कोर्ट मैरिज कर ली। कोर्ट मैरिज के दो माह बाद निकाह कराया तो उसकी असलियत पता चली। आरोपी से विधवा को दो बच्चे हुए, जो आरोपी की पहली पत्नी की पास रहते हैं। आरोपी के पहली पत्नी से भी चार बच्चे हैं। महिला ने बताया कि नसीमुद्दीन ने सहानुभूति जताते हुए मकान बनवाने के नाम पर उससे जमा पूंजी और जेवरात हासिल कर लिए। विधवा का आरोप है कि मकान बनवाने के नाम पर उसने अपने पति की जमा पूंजी और आभूषण के करीब आठ लाख रुपये नसीमुद्दीन को दे दिए, लेकिन मकान बनवाने के बजाय वह पैसा भी हड़प लिया। इसके बाद नसीमुददीन उसे और उसके चार नाबालिग बच्चों को अपने गांव बुरहानुद्दीनपुर ले गया, वहां उन्हें एक मकान में बंद करके रखा गया।
महिला का आरोप है कि नसीमुद्दीन ने उसे और उसके बच्चों को डरा-धमकाकर कागज पर अंगूठे लगवा लिए और जबरन धर्म परिवर्तन करा दिया। आधार कार्ड में उनके नाम भी बदल दिए। उसका नाम जीनत, दो बेटियों का नाम सानिया और सादमानी और बेटों का नाम अरमान, फैजान और सादिक करा दिया। सादिक का निकाह भी करा दिया। महिला का आरोप है कि नसीमुद्दीन अब उसके अन्य बच्चों की शादी भी दूसरे धर्म में जबरदस्ती कराना चाहता है। विरोध करने पर नसीमुद्दीन ने उसे और उसके बच्चों को जान से मारने की धमकी देता है। महिला का कहना है कि 17 जुलाई को नसीमुद्दीन एक शादी में जाने के लिए मकान का ताला लगाकर निकला लेकिन ताला ठीक से नहीं लगा पाया और मौके का फायदा उठाकर अपने चारों बच्चों को लेकर किसी तरह वहां से निकल भागी। विधवा ने 26 जुलाई को शहर कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
एएसपी सिटी संजीव बाजपेई ने बताया कि महिला और आरोपी ने वर्ष 2011 में कोर्ट मैरिज की थी, बाद में दोनों ने निकाह किया था। महिला ने आरोपी पर आठ लाख व जेवर भी हड़पने का आरोप लगाया है। महिला की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।





