भारत

फर्जी बलात्कार का केस दर्ज, पुलिस ने ब्लैकमेल मामलें में महिला को किया गिरफ्तार

Shantanu Roy
10 March 2023 4:47 PM GMT
फर्जी बलात्कार का केस दर्ज, पुलिस ने ब्लैकमेल मामलें में महिला को किया गिरफ्तार
x
मामलें में जांच जारी
फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद के भूना क्षेत्र में देर शाम बलात्कार के मामले में फंसाकर 15 लाख रुपए मांगने और फिर समझौते के नाम पर 50 हजार रुपए की राशि लेने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके एक सहयोगी को भी हिरासत में लिया है। टीम ने महिला के घर से बैग से राशि बरामद की। नकदी के साथ वहां से 300 ग्राम अफीम भी बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार भूना के मॉडल टाउन क्षेत्र निवासी एक महिला ने 25 फरवरी को ओमप्रकाश नामक व्यक्ति पर रेप के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करवाया था। इसके बाद महिला और उसके एक साथी द्वारा व्यक्ति को बार बार रुपए मांगकर परेशान किया जा रहा था।
उससे 15 लाख रुपए की डिमांड की गई, लेकिन करीब साढ़े 4 लाख रुपए में डील तय हुई थी। इसके बाद ओमप्रकाश ने महिला एसएचओ कविता सिहाग को पूरा मामला बताया। शाम को महिला थाना प्रभारी ने ओमप्रकाश द्वारा दिए गए 50 हजार रुपए की राशि आरोपी महिला के घर से बरामद की। साथ ही 300 ग्राम अफीम भी बरामद हुई। पुलिस ने महिला और उसके साथी राजा राम नामक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। महिला थाना प्रभारी कविता सिहाग ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम को ओमप्रकाश की शिकायत पर दुष्कर्म के मामले में समझौते के लिए ब्लैकमेलिंग के आरोप में महिला और उसके साथी को 50 हजार रुपए सहित गिरफ्तार किया गया है। वहीं जानकारी सामने आ रही है कि 40 वर्षीय आरोपी महिला हांसी क्षेत्र की रहने वाली है और कुछ साल पहले ही भूना आकर रहने लगी थी।
Next Story