भारत

फर्जी दारोगा गिरफ्तार, आशिकी पड़ी भारी, कैसे खुली पोल?

jantaserishta.com
18 July 2025 5:36 PM IST
फर्जी दारोगा गिरफ्तार, आशिकी पड़ी भारी, कैसे खुली पोल?
x
जानें पूरा मामला.
मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ से अजीबोगरीब मामला सामने आया है. यहां एक युवक ने महज अपनी महिला मित्र से बेरोकटोक मिलने के लिए खुद को दारोगा बनाकर पेश किया. उसने बाकायदा पुलिस की वर्दी सिलवाई, नेम प्लेट लगवाई और चार स्टार लगाकर इलाके में रोब जमाना शुरू कर दिया. लेकिन आखिरकार उसकी यह नकली 'अफसरी' प्रेम की गिरफ्त में ही आकर टूट गई.
मामला मेरठ के थाना इंचौली क्षेत्र के सैनी गांव का है. यहां एक महिला अपने ससुराल में रहती है. उसके पति का कुछ साल पहले निधन हो चुका है. इस बीच महिला की पहचान मुजफ्फरनगर निवासी शुभम राणा (28) से हुई. शुभम महिला से मिलने उसके घर अक्सर आता था. किसी को शक न हो, इसलिए उसने एक पुलिस अधिकारी की तरह वर्दी पहननी शुरू कर दी और खुद को दादरी, ग्रेटर नोएडा थाने में तैनात उपनिरीक्षक बताने लगा.
शुक्रवार को भी शुभम महिला से मिलने पहुंचा, लेकिन महिला के ससुराल पक्ष को कुछ शक हुआ. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक को पकड़ लिया. जब थाने लाकर उससे पूछताछ की गई, तो पूरा मामला उजागर हुआ. युवक फर्जी दारोगा निकला. पूछताछ में उसने बताया कि वह वन विभाग में करीब दो साल पहले कुछ महीनों के लिए टेंपरेरी नौकरी कर चुका है.
वहीं से उसने सरकारी सिस्टम को करीब से देखा और फर्जी पहचान का विचार आया. पुलिस ने आरोपी के पास से पुलिस की वर्दी, चार स्टार, अंगोला शर्ट, पुलिस कैप, फर्जी नेम प्लेट, नकली पुलिस परिचय पत्र और मोबाइल बरामद किया है. मोबाइल में वर्दी में फोटो और रील्स भी मौजूद थीं. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने वर्दी मुजफ्फरनगर के एक टेलर से सिलवाई थी.
मेरठ एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. महिला की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है. मामले ने पुलिस-प्रशासन को भी चौंका दिया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story