Top News

नकली अधिकारी को असली पुलिस ने पकड़ा, अब जिंदगी भर पछताएगा

11 Jan 2024 6:42 AM GMT
नकली अधिकारी को असली पुलिस ने पकड़ा, अब जिंदगी भर पछताएगा
x

नई दिल्ली: दिल्ली की शाहदरा जिला पुलिस ने खुद को वायुसेना का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान भोलानाथ नगर के नितिन कुमार गौड़ के रूप में हुई है। आरोपी कई लड़कियों को शादी का झांसा देकर ठगी कर चुका है। आरोपी अपने शिकार को सोशल मीडिया पर …

नई दिल्ली: दिल्ली की शाहदरा जिला पुलिस ने खुद को वायुसेना का अधिकारी बताकर ठगी करने वाले एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान भोलानाथ नगर के नितिन कुमार गौड़ के रूप में हुई है। आरोपी कई लड़कियों को शादी का झांसा देकर ठगी कर चुका है। आरोपी अपने शिकार को सोशल मीडिया पर ढूंढ कर ठगी को अंजाम देता था। फिलहाल जांच के दौरान 03 लड़कियों से 13.5 लाख की ठगी की बात सामने आई है। पुलिस ने वारदातों में इस्तेमाल आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस अन्य पीड़िताओं के बारे में आरोपी से पूछताछ कर रही है।

जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि 31 अक्टूबर को जिला साइबर थाने में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी। युवती ने पुलिस को अपनी शिकायत में बताया कि एक आरोपी स्पर्श शर्मा ने उन्हें फेसबुक पर मित्रता अनुरोध भेजा और खुद को भारतीय वायुसेना में पायलट बताया। दोनों की दोस्ती हुई और फिर आरोपी ने शादी का वादा किया। इसके बाद उसने आयकर विभाग द्वारा उसका बैंक खाता फ्रीज किए जाने की बात बताकर कुछ पैसों की मदद मांगी। खाता फ्रीज का कारण पूछने पर तकनीकि समस्या की बात कहकर टाल गया।

आरोपी ने इस बहाने धीरे-धीरे करके एक साल के भीतर पीड़िता से करीब 11 लाख रुपए ठग लिए। इस दौरान जब भी पीड़िता मिलने की बात करतीं तो आरोपी टाल जाता। शक होने पर पीड़िता ने जब आरोपी से असलियत जाननी चाही तो आरोपी ने पीड़िता का फर्जी फेसबुक खाता बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर पीड़िता का मोबाइल नंबर अश्लील वेबसाइटों पर डालने की बात कहने लगा। शिकायत पर मामला दर्ज कर एसीपी संजय कुमार की पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी की फेसबुक आईडी के साथ ही उसकी सीडीआर निकाली। उसके आधार पर मिली जानकारी के आधार पर छापा मारकर आरोपी आरोपी नितिन कुमार गौड़ को भोलानाथ नगर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से पुलिस को वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन व सिम कार्ड बरामद हुआ। बैंक खाते की जानकारी निकालने पर पता चला कि पीड़िता द्वारा जिस खाते में पैसे भेजे गए थे, उसके साथ भी आरोपी ने धोखाधड़ी की थी। उसके बाद दूसरी पीड़िता के खाते का इस्तेमाल किया था।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी 12वीं पास है। वह साड़ी की एक दुकान में काम करता था। उसके पिता सब्जी बेचने का काम करते थे। बाद में ज्यादा पैसे कमाने के लिए आरोपी ने फेसबुक आईडी बनाई। फेसबुक प्रोफाइल में खुद को भारतीय वायुसेना में पायलट के रूप में पेश किया। इसके बाद लड़कियों के साथ ठगी करना शुरू कर दिया और तीन लड़कियों से कुल 13.5 लाख रुपए ठग लिए।

    Next Story