
x
लाखों में बिक रही थीं MBBS और MD की डिग्रियां, चार गिरफ्तार
राजस्थान। जयपुर में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने फर्जी मेडिकल डिग्रियां बेचने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह पर करीब 200 से 300 लोगों को फर्जी मेडिकल डिग्रियां बेचने का आरोप है। इसके लिए 5.5 लाख से लेकर 15 लाख रुपये या उससे अधिक की रकम वसूली जाती थी। मामले में एसओजी ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस खुलासे के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था और मरीजों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। एसओजी की जांच के मुताबिक, गिरोह एमबीबीएस, एमडी, एमडी गायनेकोलॉजी और डीएमआरडी जैसी मेडिकल डिग्रियां फर्जी तरीके से उपलब्ध कराता था। आरोपियों पर विश्वविद्यालयों के ऑनलाइन रिकॉर्ड में फर्जी दस्तावेज दर्ज कराने और मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन कराने की व्यवस्था करने का भी आरोप है।
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला खुलासा रामकिशोर महावर को लेकर हुआ है। जांच के अनुसार, रामकिशोर केवल 11वीं कक्षा तक पढ़ा था। इसके बावजूद उसने कथित तौर पर 6.5 लाख रुपये खर्च कर 12वीं की मार्कशीट, एमबीबीएस और एमडी की फर्जी डिग्रियां हासिल कर ली थीं। इन दस्तावेजों के आधार पर उसने दिल्ली मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन भी करा लिया था। इसके बाद वह विभिन्न अस्पतालों में डॉक्टर के रूप में काम करने लगा। जांच में सामने आया है कि गिरोह सोशल मीडिया के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करता था। आरोपियों पर 40 से अधिक विश्वविद्यालयों की वेबसाइट पर फर्जी डिग्रियां अपलोड कराने का भी आरोप है। इसके चलते शैक्षणिक दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
एसओजी ने इस मामले में रामकिशोर महावर, सत्यजीत पाणिग्रही, मनीष मांझी और खुर्रम तौफीक को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों की इस नेटवर्क में अलग-अलग भूमिका बताई गई है। गिरोह के तार राजस्थान के अलावा मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और दिल्ली से भी जुड़े बताए जा रहे हैं। एसओजी के एडीजी विशाल बंसल के मुताबिक, जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी अब फर्जी डिग्रियां खरीदने वाले लोगों की पहचान करने में जुटी है। आशंका है कि इनमें से कई लोग अस्पतालों में नौकरी कर रहे हैं या निजी क्लीनिक संचालित कर रहे हैं। हालांकि, ऐसे अस्पतालों और क्लीनिकों की पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
Next Story





