भारत

फर्जी IB अफसर गिरफ्तार, कार पर नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगाकर दिखाता था रौब

SHIDDHANT
13 Sept 2026 7:32 PM IST
फर्जी IB अफसर गिरफ्तार, कार पर नीली बत्ती और भारत सरकार का बोर्ड लगाकर दिखाता था रौब
x
नीली बत्ती वाली कार रोकते ही हुआ बड़ा खुलासा नकली IB अफसर गिरफ्तार
Haldwani. हल्द्वानी। उत्तराखंड के हल्द्वानी में पुलिस की चेकिंग के दौरान खुद को इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) का अधिकारी बताने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपनी कार पर लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड लगाकर घूम रहा था। उसके पास से कथित फर्जी आईबी पहचान पत्र, संबंधित दस्तावेज और पिस्टल जैसी दिखने वाली एयरगन बरामद हुई है।
पुलिस के अनुसार, तिकोनिया चौराहे पर सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान काठगोदाम की ओर से आ रही हुंडई कार संख्या UP25CS 9327 को जांच के लिए रोका गया। कार पर लगी लाल-नीली बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड देखकर पुलिसकर्मियों ने चालक से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान युवक ने खुद को आईबी अधिकारी बताया और पुलिस को एक पहचान पत्र भी दिखाया। पुलिस ने जब उसके पद, तैनाती और नियुक्ति से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इससे पुलिस को पहचान पत्र और अन्य कागजात पर संदेह हुआ।
इसके बाद पुलिस ने कार की तलाशी ली। पुलिस के मुताबिक कार के डैशबोर्ड से कथित फर्जी आईबी आईडी कार्ड और इंटेलिजेंस ब्यूरो से संबंधित फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए। कार से पिस्टल जैसी दिखाई देने वाली एक एयरगन भी मिली। पुलिस ने कार पर लगी बत्ती और ‘भारत सरकार’ का बोर्ड भी कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह लोगों पर रौब जमाने के लिए एयरगन अपने साथ रखता था। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी कब से खुद को आईबी अधिकारी बताकर घूम रहा था और कथित फर्जी पहचान का इस्तेमाल उसने किन-किन जगहों पर किया।
गिरफ्तार युवक की पहचान 24 वर्षीय मोहासिब खान के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के रामपुर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हल्द्वानी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही आरोपी के वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है। बरामद पहचान पत्र और दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
Next Story