
यूपी। मुजफ्फरनगर के न्याजूपुरा में नकली नोट छापे जा रहे थे। पुलिस ने गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान 5.30 लाख की नकली करेंसी व उपकरण बरामद किए गए। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की सयुक्त टीम ने चुंगी नंबर दो से बाइक सवार गुड्डू व फारूख निवासी मेरठ को गिरफ्तार किया था। उनके पास से पुलिस ने नकली करेंसी बरामद की। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके साथी न्याजूपुरा में एक मकान में नकली नोट छाप रहे हैं।
छापेमारी में मौके से रितेश, सुगनु, अंकित निवासी मेरठ को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों से 5.30 लाख रुपए के नकली नोट बरामद किए हैं, जिसमें 500-500 रुपए के नोट की दस गड्डी व 7 गड्डी 100-100 रुपए के नोट की है। पुलिस को कमरे से प्रिंटर, लेपटॉप, मोबाइल, स्याही, नोट के कागज, मोबाइल फोन व अन्य सामान बरामद हुआ है। गिरोह के दो साथी रोहित व सचिन उर्फ जोनी फरार हैं।
गिरोह के सदस्य गुड्डू, सुगनु उर्फ आकाश, जौनी उर्फ सचिन तथा रोहित राह चलते लोगों को लालच देकर उन्हे 25 हजार के असली रुपये के बदले में एक लाख की नकली करेंसी दे देते हैं। फरार रोहित गिरोह का लीडर है। उसके द्वारा ही नोटों को बनाने में प्रयोग होने वाले सामग्री स्याही, पेपर, वाटरमार्क को लाया जाता है।
शहर कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की सयुक्त टीम ने जाली करेंसी छापने वाले गिरोह के छह आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज खुलासा किया। नकली नोटों के ये तस्कर पिछले काफी समय से नकली नोट की जनपद के साथ ही आसपास के कई जनपदों में सप्लाई कर रहे थे। पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता करते हुए एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच की सयुक्त टीम ने चुंगी नम्बर दो से बाइक सवार तस्कर गुड्डू निवासी गांव भमौरी थाना सरधना, मेरठ व फारूख उर्फ सितारा निवासी मैना पुह्वी थाना सरूरपुर, मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने नकली करेंसी बरामद की।





