भारत

नकली नोट बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़, करीब 18 लाख की जाली करेंसी बरामद; 4 गिरफ्तार

SHIDDHANT
3 Oct 2026 11:28 PM IST
नकली नोट बनाने वाली यूनिट का भंडाफोड़, करीब 18 लाख की जाली करेंसी बरामद; 4 गिरफ्तार
x
चार आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने नकली करेंसी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद नकली नोट तैयार करने वाली एक मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भी पता चला, जहां से मशीनों और कच्चे माल के साथ करीब 18 लाख रुपये की नकली करेंसी बरामद की गई है।
संयुक्त पुलिस आयुक्त, पश्चिमी रेंज, सुमन गोयल ने बताया कि मामले की शुरुआत पुलिस की नियमित गश्त के दौरान हुई। पुलिसकर्मियों को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। उसे रोककर तलाशी ली गई तो कथित तौर पर उसके पास से करीब 1.25 लाख रुपये के नकली नोट मिले।
इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच का दायरा बढ़ाया। आरोपी से पूछताछ और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस एक ऐसी जगह तक पहुंची, जहां कथित रूप से नकली नोट तैयार करने का काम किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, वहां बड़ी मात्रा में कच्चा माल और नकली करेंसी बनाने में इस्तेमाल होने वाली कुछ मशीनें रखी हुई थीं।
पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान करीब 18 लाख रुपये की जाली करेंसी बरामद की गई। जांच आगे बढ़ने पर इस नेटवर्क में तीन अन्य लोगों की कथित भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इस तरह मामले में अब तक कुल चार आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नकली नोटों को कहां-कहां खपाया जा रहा था और इस नेटवर्क से अन्य लोग भी जुड़े हैं या नहीं। बरामद मशीनों और अन्य सामग्री की भी जांच की जा रही है।
Next Story