भारत

'वसूली' का खेल, पुलिस के दो कॉन्स्टेबल हिरासत में, परिवार को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी

jantaserishta.com
8 July 2026 8:15 AM IST
वसूली का खेल, पुलिस के दो कॉन्स्टेबल हिरासत में, परिवार को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी
x
पढ़ें पूरी खबर.
नई दिल्ली: महाराष्ट्र के पुणे जिले में हाईवे स्टेट पुलिस के दो कॉन्स्टेबल और तीन वार्डन को एक परिवार से पांच लाख रुपये वसूलने की कोशिश के आरोप में हिरासत में लिया गया है. आरोप है कि इन लोगों ने वाहन चालक और उसके परिवार को ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगे थे.
यह घटना 5 और 6 जुलाई की रात लोनावला जाते समय हुई. मामला सामने आने के बाद कामशेत पुलिस ने शिकायत दर्ज कर पांच लोगों को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता अपने दोस्त और उसके परिवार के साथ लोनावला जा रहा था. रास्ते में छह लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली. इनमें ट्रैफिक वार्डन और खाकी वर्दी में मौजूद अन्य लोग शामिल थे. सभी ने रिफ्लेक्टिव जैकेट पहन रखी थी जिस पर एचएसपी यानी हाईवे स्टेट पुलिस लिखा था.
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने शिकायतकर्ता को ड्रग्स से जुड़े मामले में फंसाने की धमकी दी और पांच लाख रुपये की मांग की. उन्होंने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो कानूनी कार्रवाई होगी. इसके बाद आरोपी शिकायतकर्ता और गाड़ी में मौजूद बाकी लोगों को तलेगांव के पास एक एटीएम पर ले गए.
इसी दौरान शिकायतकर्ता के दोस्त ने अपनी स्मार्ट वॉच से किसी परिचित को मैसेज भेज दिया. आरोपियों को इस बात का पता चल गया. इसके बाद दो आरोपी गाड़ी से उतरकर अपनी एसयूवी में बैठे और मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद पीड़ितों ने कामशेत पुलिस थाने पहुंचकर छह लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो कॉन्स्टेबल और तीन वार्डन समेत पांच संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है. एक आरोपी की अब भी तलाश जारी है.
कामशेत थाने के एक अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है और सबूतों के आधार पर औपचारिक गिरफ्तारी की जाएगी. वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आकाश पवार ने कहा कि यह जांच की जा रही है कि क्या असल में कोई पैसा वसूला गया, शिकायतकर्ता को किस जगह रोका गया था और क्या पीड़ितों को कहीं और भी ले जाया गया था.
पुलिस ने साफ किया है कि यह मामला पुणे ग्रामीण पुलिस ने दर्ज किया है और वही इसकी जांच कर रही है, लेकिन जिन कर्मचारियों की जांच हो रही है वे हाईवे स्टेट पुलिस से जुड़े हैं न कि पुणे ग्रामीण पुलिस से.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story