
x
अपराध
Punjab पंजाब: पुलिस ने शहर में रंगदारी से जुड़े फायरिंग मामलों का बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी रवि समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने हाल ही में एक गारमेंट शोरूम संचालक के घर सहित पांच अलग-अलग स्थानों पर फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दिया था।
बटाला के एसएसपी डॉ. मेहताब सिंह ने बताया कि तीन दिन पहले शहर के एक फैशन स्टोर मालिक के घर पर गोलियां चलाई गई थीं। घटना के बाद पुलिस ने विशेष जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों व खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी रवि को हथियार बरामदगी के लिए कादियां रोड स्थित थिंद नहर क्षेत्र में ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल बरामद की। वहीं उसके दो सहयोगियों मलकीत सिंह और शुभम को भी गिरफ्तार कर लिया गया। जांच में सामने आया है कि रवि के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मामले भी शामिल हैं।
एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और हाल के सभी पांच फायरिंग मामलों में उनकी संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इन घटनाओं के पीछे रंगदारी वसूली का कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय था या नहीं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Next Story





