भारत

मेदिनीनगर के चैनपुर थाने में विस्फोट, पुलिस जवान और चार चौकीदार घायल

Rani Sahu
21 Nov 2021 4:28 PM GMT
मेदिनीनगर के चैनपुर थाने में विस्फोट, पुलिस जवान और चार चौकीदार घायल
x
मेदिनीनगर के चैनपुर थाने में रविवार को विस्फोट होने से एक पुलिस जवान और चार चौकीदार घायल हो गए

मेदिनीनगर के चैनपुर थाने में रविवार को विस्फोट होने से एक पुलिस जवान और चार चौकीदार घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। गंभीर रूप से घायल चौकीदार नंदू मांझी को रांची के रिम्स रेफर किया गया है। अन्य घायलों में सिपाही सुबोध कुमार, चौकीदार फेकन मांझी, संतोष मांझी और संजय मांझी शामिल हैं।

चैनपुर थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि थाना परिसर की सफाई के दौरान कचरा जमा हुआ था। उसे जलाते समय एक बोतल में धमाका होने से यह हादसा हुआ। घटना की सूचना पाकर पलामू के एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने एमआरएमसीएच में घायलों से मुलाकात की। एसपी ने घायलों को समुचित इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया। इसके बाद चैनपुर थाना परिसर पहुंचकर उन्होंने मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि नंदू मांझी की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है। सभी घायलों को हरसंभव मदद दी जा रही है।
घायलों के मुताबिक सफाई कार्य के दौरान दोपहर बाद कचरा जलाया जा रहा था। कचरे में धमाका होते ही बोतल के टुकड़े छिटकने से वे उनकी चपेट में आ गए। धमाका होते ही थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अन्य जवान घायलों की मदद के लिए दौड़े। जवानों ने बताया कि धमाके की जद में आने से चौकीदार नंदू मांझी के पैर एवं हाथ में कई जगह जख्म आए हैं।

Next Story