भारत

धमाका और आग, एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे, महिला की हालत गंभीर

jantaserishta.com
21 Feb 2026 2:30 PM IST
धमाका और आग, एक ही परिवार के तीन लोग झुलसे, महिला की हालत गंभीर
x
राहत बचाव कार्य जारी.
नई दिल्ली: दिल्ली के मदनपुर खादर स्थित जेजे कॉलोनी में एक रिहायशी इमारत में आग लगने और धमाके की घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार, कालिंदी कुंज थाने को पीसीआर कॉल के जरिए डीडी नंबर 13ए के तहत सूचना मिली कि एक घर में आग लगी है, जिसे शुरुआती तौर पर एलपीजी सिलेंडर ब्लास्ट बताया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि घटना उस समय हुई जब परिवार के सदस्य घर में सो रहे थे। अचानक तेज धमाका हुआ और आग लग गई, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती आशंका एलपीजी गैस सिलेंडर में लीकेज के कारण विस्फोट होने की जताई जा रही है, हालांकि पुलिस का कहना है कि धमाके की असली वजह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इस हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए। घायलों की पहचान 52 वर्षीय जगदीश, उनकी 48 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी और 26 वर्षीय बेटे जोतीश के रूप में हुई है। जगदीश दिहाड़ी मजदूर हैं और राजमिस्त्री का काम करते हैं, जबकि उनका बेटा नोएडा के एक सैलून में सहायक के तौर पर काम करता है। लक्ष्मी गृहिणी हैं।
घटना के बाद जगदीश और जोतीश को पीसीआर वैन के जरिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जबकि लक्ष्मी को एंबुलेंस से एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। बाद में तीनों को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार जगदीश और जोतीश की हालत फिलहाल स्थिर है, जबकि लक्ष्मी की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी को घटनास्थल का निरीक्षण करने के लिए बुलाया गया है। सबूतों को सुरक्षित रखने के लिए मौके को सील कर दिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट के वास्तविक कारण का खुलासा हो पाएगा।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story