भारत

BBOSE डिप्टी डायरेक्टर पर EOU का शिकंजा, तीन ठिकानों पर छापा

SHIDDHANT
20 Aug 2026 12:33 PM IST
BBOSE डिप्टी डायरेक्टर पर EOU का शिकंजा, तीन ठिकानों पर छापा
x
EOU रेड से हड़कंप, आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच तेज
Patna पटना। बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। ईओयू की टीम ने गुरुवार सुबह बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) के डिप्टी डायरेक्टर अजय कुमार सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पटना और बेगूसराय स्थित तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई विशेष निगरानी अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद की गई। ईओयू के अनुसार, अजय कुमार सिंह के खिलाफ 19 अगस्त को आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था। प्रारंभिक जांच में अधिकारियों को उनकी ज्ञात आय से काफी अधिक संपत्ति अर्जित करने के संकेत मिले हैं।
जांच एजेंसी के मुताबिक, अजय कुमार सिंह के पास करीब 3 करोड़ 43 लाख 78 हजार 300 रुपये की आय से अधिक संपत्ति होने का अनुमान लगाया गया है। यह संपत्ति उनकी ज्ञात आय से लगभग 90.04 प्रतिशत अधिक बताई जा रही है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 में वर्ष 2018 में किए गए संशोधन के तहत धारा 13(2) और धारा 13(1)(बी) के तहत दर्ज किया गया है। ईओयू की तीन अलग-अलग टीमों ने डीएसपी स्तर के अधिकारियों के नेतृत्व में गुरुवार सुबह एक साथ तलाशी अभियान शुरू किया। ईओयू की पहली टीम ने पटना के खजपुरा स्थित आकाशवाणी रोड पर बीवी कॉलेज के पास चंद्रतारा भवन में छापेमारी की। यहां अधिकारियों ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण कागजातों की जांच शुरू की।
दूसरी टीम ने मीठापुर स्थित बिहार बोर्ड ऑफ ओपन स्कूलिंग एंड एग्जामिनेशन (BBOSE) कार्यालय पहुंचकर अजय कुमार सिंह के कार्यालय कक्ष की तलाशी ली। इस दौरान सरकारी रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वहीं, तीसरी टीम ने बेगूसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के परोरा गांव स्थित अजय कुमार सिंह के पैतृक आवास पर कार्रवाई की। यहां भी अधिकारियों ने संपत्ति से जुड़े दस्तावेज और अन्य सामान की जांच की। ईओयू अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान अभी जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद बरामद दस्तावेजों, संपत्तियों और अन्य सामान के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अजय कुमार सिंह ने सरकारी पद पर रहते हुए अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति कैसे अर्जित की। इसके अलावा उनकी चल और अचल संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। बिहार में आय से अधिक संपत्ति और भ्रष्टाचार के मामलों में ईओयू लगातार कार्रवाई कर रही है। इससे पहले 14 अगस्त को भी ईओयू ने सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता संजय कुमार से जुड़े ठिकानों पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में छापेमारी की थी। उस दौरान बिहार शरीफ और नालंदा जिले के अन्य स्थानों सहित तीन ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया था। ईओयू का कहना है कि सरकारी पद का दुरुपयोग कर अवैध संपत्ति अर्जित करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अजय कुमार सिंह के मामले में भी जांच आगे बढ़ रही है और छापेमारी के दौरान मिलने वाले दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Next Story