भारत
पर्यावरण प्रेमी ने पांच सौ गौरैया घर और पक्षी बांटने का संकल्प लिया
Shantanu Roy
21 March 2024 3:30 PM IST

x
सिरोही। सिरोही उपखंड क्षेत्र में प्रकृति संरक्षण को लेकर समर्पित संस्था एक व्यक्ति एक पौधा मिशन के संचालक ओमप्रकाश कुमावत ने विश्व गौरैया दिवस पर 501 अनुपयोगी वस्तुओं से निर्मित गौरैया हाउस व परिंडा वितरण का संकल्प लिया है। गांव-गांव में घरेलू पक्षी गौरैया यानी चिडियां जो किसानों की मित्र है और अब विलुप्त के कगार पर है। पर्यावरण प्रेमी कुमावत ने बताया कि जैव विविधता के दृष्टिकोण से पेड़ पौधों व पक्षियों में गहरा संबंध है। अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ ने गौरैया पक्षी को लाल सूची में दर्ज कर रखा है। कुमावत ने बताया कि गौरेया को बचाने के लिए दिल्ली सरकार गौरेया को राज्य पक्षी का दर्जा दे चुकी हैं। भारत वन मंत्रालय से पर्यावरण प्रेमियों की मांग है कि विलुप्त गौरैया पक्षी संरक्षण प्रोजेक्ट चलाए जाए।
पर्यावरण प्रेमी कुमावत ने बताया कि एक व्यक्ति एक पौधा मिशन की ओर से पिछले पांच वर्षों से गौरेया पक्षी संरक्षण के लिए प्रोजेक्ट ’’गौरैया आओ ना’’ चलाया जा रहा है। इस वर्ष भी मार्च से जून तक गौरैया संरक्षण की मुहिम जारी रहेगी। गर्मी के कारण कोई भी पक्षी प्यास से ना मरे, उसके लिए परिंडा भरो अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि घरेलू वेस्ट वस्तुएं जैसे मिट्टी के मटके, जूते के बॉक्स, तेल व घी डिब्बे, प्लास्टिक की बोतलों से बने घौंसलें व परिंडा लगाकर गर्मियों में पक्षियों को राहत दी जा सकती हैं। संस्था की ओर से भी अभियान के दौरान घरेलू वस्तुओं से निर्मित करीब पांच सौ गौरैया हाऊस व परिंडों का वितरण किया जाएगा।
वेस्ट वस्तुओं के निर्मित गौरैया के घौसलें सूर्य की विपरीत दिशा में ऊंचाई पर लगाएं तभी गौरेया आएगी। कोई बडा पक्षी, बिल्ली या बन्दर उन्हें क्षति न पहुंचा सके, सम्भव हो तो घर के आंगन या बरामदों में मिट्टी का बर्तन रखें, खुली जगह है तो आप गमलों में घने पौधे लगा सकते हैं। जिन पर बैठ कर चिलचिलाती धूप या बारिश से उन्हें राहत मिलेगी तथा ये कीट पतंगों से भी अपना पेट भरती है।इस कार्य के समाज सेवी अमृत परिहार, पन्नालाल वेराजेतपुरा, राजेश कुमार मालवीया, पूरण कुमावत, भंवर लाल ग्वाला, नरेंद्र कुमार, रमेश कुमावत, दुर्गेश सिंह राठौड़, समाज सेवी लालचंद अग्रवाल, प्रकाश कुमार अग्रवाल, स्नेक लवर अशोक सोनी, राजेश जोशी सहित पर्यावरण प्रेमियों का सहयोग रहेगा।
Next Story





