भारत
मप्र की सियासत में गद्दार, खुद्दार और बंटाधार जैसे शब्दों की एंट्री
jantaserishta.com
23 April 2023 11:52 AM IST

x
DEMO PIC
संदीप पौराणिक
भोपाल (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश में सियासी पारा धीरे-धीरे चढ़ रहा है और सियासी तरकश से शब्दों के बाण चलाए जाने का दौर भी तेजी पर है। अब तो गद्दार, खुद्दार और बंटाधार जैसे शब्द बाण के जरिए निशाने साधे जा रहे हैं।
राज्य में डेढ़ दशक बाद सत्ता की कुर्सी कांग्रेस के हाथ में आई थी, मगर वह 15 माह में ही हाथ से फिसल गई। सत्ता जाने का मलाल अब भी कांग्रेस को रह रह कर सता रहा है। यही कारण है कि सत्ता छिनने के सबसे बड़े किरदार केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया हमेशा कांग्रेस के निशाने पर रहते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह लगातार सिंधिया को गद्दार बताने में पीछे नहीं रहते और उन्होंने बीते दिनों तो बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में यहां तक कह दिया, हे प्रभु, हे महाकाल, दूसरे ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस में पैदा न हो।
दिग्विजय सिंह के इस बयान के बाद सिंधिया भी आक्रामक हो गए और उन्होंने दिग्विजय सिंह को आड़े हाथों लिया और उनके बयान के जवाब में कहा कि, हे प्रभु महाकाल, कृपया दिग्विजय सिंह जैसे देश-विरोधी और मध्य प्रदेश के बंटाधार, भारत में पैदा न हो।
सियासी तरकश से शब्दों के बाण निकलने का दौर जारी है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने खुले तौर पर सिंधिया का बचाव किया और कहा, दिग्विजय सिंह, सिंधिया और जो कांग्रेस छोड़कर साथी भाजपा में आये हैं, उन्हें गद्दार बता रहे हैं लेकिन वह याद रखें कि वह गद्दार नहीं, खुद्दार हैं। आखिर वो कांग्रेस में कितना अपमान सहते।
ज्ञात हो कि वर्ष 2018 में हुए विधानसभा के चुनाव में 230 सीटों में से कांग्रेस को 114 और भाजपा को 109 सीटों पर जीत मिली थी। बढ़त और निर्दलीय व सपा, बसपा के समर्थन के चलते कांग्रेस ने सरकार बनाई थी। कांग्रेस की 15 माह सरकार चली और सिंधिया के बागी तेवरों के चलते कांग्रेस की सरकार गिर गई।
उसके बाद से ही सिंधिया कांग्रेस के निशाने पर हैं। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और सिंधिया परिवार की अदावत किसी से छुपी नहीं है, अब तो एक दूसरे के खिलाफ खुलकर ही बयान दे रहे हैं।
राजनीति के जानकारों का कहना है कि चुनाव में अभी छह माह से ज्यादा का वक्त है, यह तो अभी हमलों की शुरूआत है। आने वाले दिनों में व्यक्तिगत हमलों की भी बारी आ जाए तो अचरज नहीं होगा, इसके पीछे दोनों प्रमुख नेता सिंह और सिंधिया के सामने अपने सियासी अस्तित्व को बचाए रखने की चुनौती जो है।
यह दोनों नेता ही एक ही क्षेत्र से आते हैं, दोनों की खास नजर ग्वालियर-चंबल इलाके पर है और दोनों ही यह जानते है कि यहां की हार जीत ही इन नेताओं के भावी भविष्य को तय करने वाली होगी।
Tagsमध्य प्रदेशमध्य प्रदेश न्यूज़मध्य प्रदेश राजनीतिMadhya PradeshMadhya Pradesh NewsMadhya Pradesh Politics
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





