भारत
'पर्याप्त सबूत मौजूद', गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली अरविंद केजरीवाल की याचिका खारिज
jantaserishta.com
9 April 2024 5:43 PM IST

x
फाइल फोटो
नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट से मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झटका लगा है। कोर्ट ने सीएम अरविंद केजरीवाल की उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने ईडी द्वारा उनकी गिरफ्तारी और हिरासत में भेजने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी थी।
न्यायमूर्ति स्वर्ण कांता शर्मा ने ईडी की इस दलील पर गौर किया कि सीएम केजरीवाल को गिरफ्तार करने के लिए पर्याप्त सबूत थे। कोर्ट ने कहा, "हमारे सामने रखी गई फाइलें और सबूत से पता चलता है कि ईडी ने कानून का पालन किया है। ट्रायल कोर्ट का आदेश दो लाइन का आदेश नहीं है। ईडी के पास हवाला डीलरों के साथ-साथ गोवा चुनाव में आप उम्मीदवारों के बयान भी हैं।"
पिछले हफ्ते ईडी ने सीएम केजरीवाल की याचिका पर अपना जवाबी हलफनामा दाखिल किया था। उनके वकील रमेश गुप्ता ने राउज एवेन्यू कोर्ट की जज कावेरी बावेजा से कहा था कि सीएम केजरीवाल की हिरासत/रिमांड आगे बढ़ाए जाने पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। इसी को लेकर ईडी ने काउंटर हलफनामा दिया था, जिसमें कहा कि याचिकाकर्ता केजरीवाल ने हिरासत पर सवाल उठाने का अधिकार खो दिया है। याचिकाकर्ता को अब यह तर्क देने की इजाजत नहीं दी जा सकती कि उनकी हिरासत अवैध है। ईडी ने कहा था, "22 मार्च का रिमांड आदेश और चुनौती के तहत 28 मार्च और 1 अप्रैल के बाद के रिमांड आदेश सही आदेश हैं, इसलिए किसी हस्तक्षेप की जरूरत नहीं है।"
एजेंसी ने कहा था, "उसने सीएम केजरीवाल की गिरफ्तारी और रिमांड के दौरान पीएमएलए की धारा 19(1) और (2) के साथ-साथ भारत के संविधान के अनुच्छेद 22(1) और (2) का अनुपालन किया।" एजेंसी ने दावा किया है कि आप नेता दिल्ली सरकार के मंत्रियों, आप नेताओं और अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से दिल्ली शराब घोटाले का सरगना और मुख्य साजिशकर्ता थे। उसके पास ऐसे सबूत हैं जो दर्शाते हैं कि वह मनी लॉन्ड्रिंग के भी दोषी हैं।
ईडी ने यह भी आरोप लगाया था कि सीएम केजरीवाल सीधे तौर पर उत्पाद शुल्क नीति 2021-22 के निर्माण में शामिल थे, जिसे साउथ ग्रुप को दिए जाने वाले लाभ को ध्यान में रखते हुए मसौदा तैयार किया गया। उन्होंने उत्पाद शुल्क नीति 2021-22 के निर्माण एवं क्रियान्वयन (लागू करने) में उन्हें दिए गए लाभ के बदले में साउथ ग्रुप से रिश्वत की मांग की। केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था। वर्तमान में वह 15 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में हैं।
Tagsमुख्यमंत्री अरविंद केजरीवालअरविंद केजरीवालआपदिल्ली हाईकोर्टChief Minister Arvind KejriwalArvind KejriwalAAPDelhi High Court
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





