भारत

इंजीनियर ने अपने पिता और मां की हत्या की, पारिवारिक विवाद में डबल मर्डर

Nilmani Pal
12 Feb 2026 6:56 AM IST
इंजीनियर ने अपने पिता और मां की हत्या की, पारिवारिक विवाद में डबल मर्डर
x
पढ़े पूरी खबर

बेंगलुरु। एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है, जहां एक रिटायर्ड नेवी कैप्टन और उनकी डेंटिस्ट पत्नी की कथित तौर पर उनके ही बेटे ने हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार घटना 11 फरवरी 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे विग्नान नगर स्थित आदर्श विस्टा अपार्टमेंट के विला नंबर 112 में हुई. यह इलाका HAL पुलिस स्टेशन की सीमा में आता है. मृतकों की पहचान 60 वर्षीय नवीन चंद्र भट्ट, जो रिटायर्ड नेवी कैप्टन थे, और उनकी 55 वर्षीय पत्नी डॉ. श्यामला भट्ट के रूप में हुई है, जो पेशे से डेंटिस्ट थीं.

DCP व्हाइटफील्ड के मुताबिक, दंपति पर उनके 33 वर्षीय बेटे रोहन चंद्र भट्ट ने कथित रूप से चाकू से हमला किया. शुरुआती जानकारी के अनुसार, पारिवारिक विवाद के बाद हत्या की नीयत से वार किया गया. घायल दंपति को तुरंत मणिपाल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सुबह करीब 8:15 बजे दोनों को मृत घोषित कर दिया.

मणिपाल अस्पताल की डॉ. माधवी नायर, जो उसी अपार्टमेंट परिसर की निवासी भी हैं, उनकी शिकायत पर HAL पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी रोहन चंद्र भट्ट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उसे संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा. पुलिस का कहना है कि हत्या का सही मकसद अभी स्पष्ट नहीं हुआ है. दोनों शवों को बोरिंग अस्पताल के मोर्चरी में रखा गया है. दंपति की बेटी, जो अमेरिका में रहती है, बेंगलुरु आ रही है. उसके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा.


Next Story
null