भारत

आतंकियों से मुठभेड़: जवानों की शहादत के बाद देश में गुस्सा, मां ने कहा- मेरा बेटा तो देश का था

jantaserishta.com
14 Sept 2023 4:29 PM IST
आतंकियों से मुठभेड़: जवानों की शहादत के बाद देश में गुस्सा, मां ने कहा- मेरा बेटा तो देश का था
x
मैं रोऊंगी नहीं।
पानीपत: मेरा बेटा तो देश का था। हमने उसे देश के लिए दिया था। गम तो बहुत है पर मैं रोऊंगी नहीं। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों से लोहा लेते हुए वीरगति को प्राप्त हुए मेजर आशीष धौनेक की मां के ये शब्द हैं। नम आंखों और रुंधे गले से वह कहती हैं कि मेरा बेटे की कोई तीन ही बहन नहीं थीं। देश की तमाम बहनें उसकी थीं और सभी की रक्षा के लिए उसने शहादत दी है। अनंतनाग में शहीद मेजर के घर का माहौल गुरुवार को बेहद भावुक रहा। पानीपत के अलावा आसपास के लोग भी उनके घर के बाहर डटे रहे और शव का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि प्रशासन का कहना है कि अब उनका शव शुक्रवार को घर पहुंचेगा।
मेजर आशीष धनोक के चाचा ने बताया कि आखिरी बार आशीष से फोन पर ही बात हुई थी। तब उन्होंने कहा था कि अक्टूबर में मैं आऊंगा और तब घर शिफ्ट किया जाएगा। दरअसल पानीपत के ही एक इलाके में उनका परिवार किराये पर रहता था। कुछ समय पहले ही परिवार ने पानीपत के ही टीडीआई में प्लॉट खरीदकर नया मकान बनवाया था। इसी में वह शिफ्ट होने वाले थे, लेकिन अब इस मकान में उनका शव ही आएगा। परिवार का प्लान था कि 23 अक्टूबर को गृह प्रवेश का आयोजन किया जाएगा। इसकी वजह यह थी कि उसी दिन मेजर आशीष का जन्मदिन भी होता है।
इसीलिए वह छुट्टी पर आने वाले थे, लेकिन अब अंतिम विदाई के लिए शव ही आएगा। 34 साल के आशीष की एक 4 साल की बेटी है। वह अपने पीछे माता, पिता, पत्नी और बेटी को छोड़ गए हैं। मेजर के परिवार के लोगों ने बताया कि उनके शव को टीडीआई स्थित नए मकान में ले जाया जाएगा। इसके बाद उनके पैतृक गांव बिंझौल में अंतिम विदाई दी जाएगी। फैमिली ने बताया कि बुधवार शाम को सेना के अधिकारियों ने फोन करके मेजर के शहीद होने की जानकारी दी थी। कुछ ही देर में यह जानकारी फैली तो लोग उनके आवास पर जुटने लगे।
आशीष की मां कमला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है और पत्नी तो बेसुध पड़ी हैं। फिर भी मां ने रोते हुए कहा कि मैंने तो अपना बेटा देश को दे दिया था। परिवार के ही लोगों ने बताया कि शहीद मेजर आशीष की ससुराल जींद में है। वे मार्च में अपने साले की शादी में शामिल होने को आए थे। इसी दौरान घर भी आए थे और नए मकान पर चले रहे काम को देखा था। अब उन्हें अक्टूबर में छुट्टी पर आना था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story