भारत
पुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़, आरोपी के पैर में लगी गोली, एक को मौके से दबोचा
jantaserishta.com
20 Sept 2026 10:36 AM IST

x
पुलिस ने गाड़ियों को रोकने की कोशिश की.
संबलपुर: ओडिशा के जनपद संबलपुर में रविवार को पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी घायल हो गया, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने एक अन्य आरोपी को भी मौके से गिरफ्त में लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह घटना रविवार सुबह करीब 6.15 बजे रेंगाली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत जंगला गांव के पास हुई। अधिकारियों ने बताया कि रेंगाली पुलिस की एक टीम 'नशा-मुक्त ओडिशा' अभियान के तहत चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें दो कारों में कफ सिरप की अवैध ढुलाई की सूचना मिली।
पुलिस ने गाड़ियों को रोकने की कोशिश की। एक कार चालक, जिसकी पहचान आशुतोष मेंडली के रूप में हुई है, को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दूसरी गाड़ी मौके से भागने में सफल रही। इसी बीच, बिना रजिस्ट्रेशन वाली एक कार तेज रफ्तार से उस इलाके में आई। पुलिस ने उसका पीछा शुरू किया, जिस दौरान कार एक पेड़ से जा टकराई।
जब पुलिस टीम कार के नजदीक पहुंची तो आरोपी, जिसकी पहचान प्रीतम बिस्वाल के रूप में हुई है, ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें प्रीतम बिस्वाल के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे इलाज के लिए रेंगाली के अस्पताल में ले जाया गया।
पुलिस ने दोनों गाड़ियों से कुल 24 कार्टन कफ सिरप जब्त किया है। मौके से एक पिस्तौल और कारतूस भी बरामद किए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कफ सिरप की अवैध ढुलाई के नेटवर्क में शामिल अन्य मुख्य लोगों को पकड़ने की कोशिशें जारी हैं।
संबलपुर में पिछले रविवार को पुलिस ने कई मामलों में वांछित अपराधी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अजय कुमार मिश्रा के अनुसार, आरोपी इरफान चोरी, लूट, डकैती और ड्रग तस्करी समेत 24 आपराधिक मामलों में वांछित था।
पुलिस ने बताया कि इरफान अपने दो साथियों, दीपक कुमार और मोहम्मद अरमान के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था और कथित तौर पर किसी अपराध को अंजाम देने की फिराक में था। सूचना मिलने पर सदर पुलिस स्टेशन की पेट्रोलिंग टीम ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पुलिस ने बाकी दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि इरफान कथित तौर पर मौके से भाग निकला। इसके बाद तुरंत पुलिस टीम ने उसका पीछा शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि इरफान ने भागते समय रासनपुर नहर रोड के पास सुडुंग जंगल इलाके में पीछा कर रही टीम पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई और आत्मरक्षा में पुलिस ने दो राउंड फायरिंग की। इसी दौरान इरफान के बाएं पैर में गोली लगी और उसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
Tagsओडिशासंबलपुरपुलिस और तस्करों के बीच मुठभेड़Encounter between police and smugglers in SambalpurOdisha
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





