भारत

वन कर्मियों और नेपाल से आये शिकारियों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार

Admin4
29 Feb 2024 10:08 AM GMT
वन कर्मियों और नेपाल से आये शिकारियों के बीच मुठभेड़, दो गिरफ्तार
x
रूपईडीहा/ बहराइच। जनपद के अब्दुल्लागंज रेंज के जंगल में बुधवार रात को कांबिंग के दौरान वन कर्मियों और नेपाली शिकारियों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में दो नेपाली शिकारी भरुआ बंदूक और अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किए गए। जबकि अन्य अंधेरे का लाभ उठाकर नेपाल सीमा की ओर फरार हो गए। वन विभाग ने पकड़े गए शिकारियों के विरुद्ध रेंज केस दर्ज कर जेल भेज दिया है। बरामद सामान को सीज कर दिया है।
बहराइच वन प्रभाग का जंगल नेपाल सीमा से सटा हुआ है। इस जंगल में आए दिन नेपाली शिकारियों की आमद रहती है। इसको देखते हुए डीएफओ ने वन कर्मियों को कांबिंग के निर्देश दिए। बुधवार शाम को अब्दुल्लागंज रेंज के वन क्षेत्राधिकारी पंकज साहू की अगुवाई में वन दोराग दिनेश पांडेय, सुरेश पासवान, शंभू यादव, मनोज तिवारी, वन रक्षक सुरेश वर्मा, देव वर्मा और रूपईडीहा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी अतुल श्रीवास्तव की अगुवाई में टीम जंगल में कांबिंग कर रही थी। कांबिंग के दौरान अब्दुल्लागंज रेंज के कक्ष संख्या पांच में रात को कुछ शिकारियों की आहट मिली। इस पर वन कर्मियों ने घेराव शुरू किया तो शिकारियों की ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई। वन विभाग की ओर से भी शिकारियों को पकड़ने के लिए फायरिंग की गई। वन विभाग और शिकारियों के बीच लगभग आधे घंटे तक मुठभेड़ हुई। इसके बाद विभाग ने दो शिकारियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से भरुआ बंदूक और जाल के साथ अन्य धारदार हथियार बरामद हुए। सभी समान को सीज कर शिकारियों को जेल भेज दिया गया है। दोनों शिकारी नेपाल के निवासी हैं। उनकी पहचान नेपाल राष्ट्र के बांके जिला अंतर्गत थाना हिरमिनिया के ग्राम चौधरीपुरवा निवासी विरेंद्र पुत्र नान्हू और विरछा पुत्र इतवारी के रूप में हुई है।
वन क्षेत्राधिकारी पंकज साहू ने बताया कि जंगल में कुल 10 शिकारी थे। इनमें से दो शिकारी पकड़े गए हैं। फरार अन्य शिकारियों की तलाश पकड़े गए लोगों से पूछताछ के आधार पर की जा रही है। जल्द ही फरार लोगों को भी पकड़ा जाएगा।
Next Story