भारत

हाथियों ने युवक को पटक-पटक कर मार डाला, आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग किया जाम

jantaserishta.com
19 April 2026 12:52 PM IST
हाथियों ने युवक को पटक-पटक कर मार डाला, आक्रोशित ग्रामीणों ने मार्ग किया जाम
x
ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है.
कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड में जंगली हाथियों के आतंक से त्रस्त लोग रविवार को सड़क पर उतर आए हैं। उन्होंने गया-देवघर मुख्य मार्ग को कटैया मोड़ के पास जाम कर दिया है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे और सुरक्षा की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथी लगातार इलाके में आतंक मचा रहे हैं। शनिवार देर रात हाथियों के झुंड ने कटैया गांव के समीप 30 वर्षीय युवक मोहित कुमार को बेरहमी से पटक-पटक कर मार डाला। मोहित कुमार (पिता शिवनंदन यादव) अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन दिनों से हाथियों का झुंड इसी इलाके में विचरण कर रहा है, लेकिन वन विभाग द्वारा उन्हें खदेड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
इससे पूर्व शुक्रवार की रात करीब 11 बजे तीन हाथियों के झुंड ने गजहर गांव में भारी उत्पात मचाया था। हाथियों ने संजू देवी नामक महिला के घर का दरवाजा तोड़कर भीतर रखा करीब 10 क्विंटल अनाज चट कर दिया और घर के बर्तन व कपड़े भी तहस-नहस कर दिए। गनीमत रही कि घटना के वक्त परिवार के लोग दूसरे मकान में सो रहे थे। इसके पहले भी कोडरमा के सतगावां, डोमचांच और मरकच्चो के सीमावर्ती इलाकों में पिछले दो महीनों के भीतर हाथियों के हमले में पांच से ज्यादा लोगों की मौत हुई हैं।
ताजा घटना के बाद पूरे सतगावां प्रखंड में दहशत का माहौल है और ग्रामीण रात-जगा करने को मजबूर हैं। सड़क जाम की सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि विभाग केवल 'सतर्क रहने' की सलाह देकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेता है। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता और सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है। साथ ही वनरक्षियों को हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर खदेड़ने के विशेष निर्देश दिए गए हैं। बहरहाल, समाचार लिखे जाने तक जाम जारी है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story