भारत

हाथियों का उत्पात, यहां चार दिन में 7 लोगों को कुचलकर मार डाला

jantaserishta.com
30 March 2025 4:31 PM IST
हाथियों का उत्पात, यहां चार दिन में 7 लोगों को कुचलकर मार डाला
x
कोहराम मचा डाला है.
रांची: झारखंड के गुमला और सिमडेगा जिले में गुस्साए हाथियों ने कोहराम मचा डाला है। रविवार को गुमला में जंगली हाथी ने दो लोगों को कुचलकर मार डाला। हमले में एक अन्य व्यक्ति जख्मी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पिछले चार दिनों के अंदर इन दोनों जिलों में हाथियों के हमले में सात लोगों की मौत हुई है।
गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत डेरांगडीह अम्बाकोना जंगल में महुआ चुनने गए 45 वर्षीय जेम्स कुजूर को रविवार अहले सुबह हाथी ने कुचल डाला। उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाद में पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर उनका क्षत-विक्षत शव बरामद किया। इसी तरह अल्बर्ट एक्का प्रखंड में हाथी ने 73 वर्षीय क्लाइमेट एक्का को उनके घर के पास ही सूंड में लपेटकर पटक डाला। गंभीर रूप से घायल हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
इसके बाद यह हाथी पड़ोस के जर्माना गांव पहुंचा, जहां शौच के लिए खेत की तरफ गए 50 वर्षीय शख्स अरविंद सिंह राजावत को भी पटक कर जख्मी कर दिया। इसके पहले शुक्रवार को गुमला के पालकोट थाना के बरडीह-देवगांव में शौच के लिए खेत की तरफ गए क्रिस्टोफर एक्का को भी हाथी ने कुचलकर मार डाला था। उसी दिन इस हाथी ने तेतरटोली गांव में पौधे से लाह निकाल रही हेमवती देवी को सूंड में लपेटकर पटक दिया, जिससे उनकी भी तत्काल मौत हो गई थी।
बीते गुरुवार और शुक्रवार को हाथी ने पड़ोस के सिमडेगा जिले में तीन लोगों को कुचलकर मार डाला था। महाबुआंग थाना क्षेत्र के बुरुइरगी डेबोटोली में गुरुवार रात घर के बाहर सोए विकास ओहदार जंगली हाथी के हमले में मारे गए थे। शुक्रवार की सुबह सिमडेगा के बानो थाना क्षेत्र के जमांग गांव में हाथी ने 45 वर्षीय सिबिया लुगुन को कुचलकर मार डाला था।
ग्रामीणों के अनुसार, दो से तीन हाथी अपने झुंड से बिछड़ गए हैं और पिछले चार-पांच दिनों से गुमला-सिमडेगा जिले के गांवों में घूम-घूमकर उत्पात मचा रहे हैं। इन हाथियों ने कई घरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। जिस भी इलाके में हाथी पहुंच रहे हैं, वहां अफरा-तफरी मच जा रही है। मशाल जलाकर और ढोल मचाकर हाथियों को भगाने की ग्रामीणों की कोशिश भी नाकाम हुई है। वन विभाग माइक से लगातार अनाउंस कराकर लोगों को जागरूक कर रहा है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story