भारत

हाथी ने 12 घंटे में 4 लोगों को कुचलकर मार डाला, अपने झुंड से बिछड़ने की वजह से गुस्से में है

jantaserishta.com
28 March 2025 5:18 PM IST
हाथी ने 12 घंटे में 4 लोगों को कुचलकर मार डाला, अपने झुंड से बिछड़ने की वजह से गुस्से में है
x
इलाके में कोहराम मच गया है.
रांची: झारखंड के गुमला और सिमडेगा जिले में गुस्साए हाथी ने गुरुवार-शुक्रवार को 12 घंटे के दौरान चार लोगों को कुचलकर मार डाला। हाथी के हमले में दो अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है। इन घटनाओं से इलाके में कोहराम मच गया है। बताया जा रहा है कि यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ने की वजह से गुस्से में है। हाथी जिन इलाकों से गुजर रहा है, वहां भगदड़ और दहशत का आलम है।
हाथी के हमले में मृत लोगों की पहचान गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र निवासी 60 वर्षीय क्रिस्टोफर एक्का, 35 वर्षीय हेमवती देवी और सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र निवासी सिबिया लुगुन और विकास ओहदार के रूप में हुई है।
बताया गया कि यह हाथी शुक्रवार सुबह करीब छह बजे गुमला के पालकोट थाना क्षेत्र में भटक रहा था। इसी दौरान बरडीह-देवगांव में शौच के लिए खेत की तरफ गए क्रिस्टोफर एक्का को कुचल डाला। मौके पर ही उन्होंने दम तोड़ दिया। थोड़ी देर बाद उसने थोड़ी दूर स्थित तेतरटोली गांव में पौधे से लाह निकाल रहीं हेमवती देवी को सूंड में लपेटकर पटक दिया। उनकी भी तत्काल मौत हो गई। दो अन्य लोग अजय मिंज और इमिल बा भी हाथी के हमले में बुरी तरह जख्मी हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है।
इसके पहले यह हाथी पड़ोस के सिमडेगा जिले के बानो थाना क्षेत्र में था। इसने बुरूइरगी गांव में रात करीब एक बजे एक घर पर हमला कर विकास ओहदार नामक व्यक्ति को मार डाला। कुछ घंटे के बाद उसने पाबुड़ा गांव महुआ चुन रही एक महिला सिबिया लुगुन को खदेड़कर कुचल डाला। आक्रामक हाथी अभी भी बानो थाना क्षेत्र के गांव में घूम रहा है।
इन घटनाओं से गांवों में कोहराम मचा है। हाथी के उत्पात की सूचना पाकर वन विभाग की टीम उसे आबादी वाले इलाके से निकालकर जंगल की ओर भेजने की कोशिश में जुटी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में हाथियों का झुंड कई दिनों से घूम रहा था, लेकिन वन विभाग ने सूचना देने के बाद भी समय पर उन्हें जंगल की ओर भेजने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। ये घटनाएं विभाग की लापरवाही का परिणाम हैं।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story