भारत

बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना, रिश्तेदारी का झांसा देकर ठग लिए

jantaserishta.com
18 Feb 2026 10:35 AM IST
बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना, रिश्तेदारी का झांसा देकर ठग लिए
x
पढ़ें पूरी खबर.
झांसी: उत्तर प्रदेश में झांसी के सीपरी बाजार थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को रिश्तेदारी का झांसा देकर जेवर ठगने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने एक कुंडल और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है. आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया.
घटना बीते शुक्रवार की है. बौद्ध नगर निवासी रुनिया देवी घर से कूड़ा फेंकने बाहर निकली थीं. तभी बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक युवक उनके पास पहुंचा. उसने उनके पैर छूकर प्रणाम किया और उन्हें बुआ कहकर संबोधित किया और दावा किया कि उसकी मां आगे बैठी हैं और उनसे मिलना चाहती हैं. अचानक मिले इस सम्मान और आत्मीय व्यवहार से बुजुर्ग महिला असमंजस में पड़ गईं.
आरोपी ने बातचीत के दौरान उनके कानों में पहने सोने के कुंडलों की तारीफ की और कहा कि वह अपनी मां के लिए ऐसे ही झुमके बनवाना चाहता है. उसने एक कुंडल दिखाने के बहाने दोनों कुंडल और गले की कंठी उतरवा ली. इसके बाद वह महिला को थोड़ी दूर तक बाइक पर बैठाकर ले गया और मौका पाकर फरार हो गया. शोर सुनकर एक अन्य महिला ने रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी धक्का देकर भाग निकला.
घर पहुंचने पर रुनिया देवी ने परिजनों को पूरी घटना बताई. काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने थाना सीपरी बाजार में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में मोटरसाइकिल सवार युवक की तस्वीर स्पष्ट मिली.
सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि 12 फरवरी को दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर राजघाट कॉलोनी पुलिया के पास से विजय कुमार अहिरवार निवासी कुमहर्रा, थाना ओरछा, जिला निवाड़ी (मध्य प्रदेश) को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के पास से एक कुंडल और बाइक बरामद की गई है. पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर उसे जेल भेज दिया गया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story