भारत

भंवरों के हमले से बुजुर्ग की मौत, कई ग्रामीण घायल

Nilmani Pal
26 March 2024 1:41 AM GMT
भंवरों के हमले से बुजुर्ग की मौत, कई ग्रामीण घायल
x
इधर इधर भागे लोग

यूपी। सोनभद्र में भंवरों के झुंड ने गांव वालों पर हमला कर दिया। इस हमले में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। होली की पूजा के दौरान भंवरों के हमले में कई लोग चपेट में आकर घायल हो गए। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गौरसिंघा गांव में भंवरों ने लोगों पर हमला किया और घायल कर दिया। बताया कि जिस पेड़ के नीचे पूजा की जा रही थी उसी पर ऊपर भंवरों का छत्ता था। अचानक भवरों के हमले से ग्रामीणों को संभलने का मौका नहीं मिला। जान-बचाने को सभी इधर-उधर दौड़े लेकिन हमले में घायल हो गए। वहीं एक बुजुर्ग की मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक गांव में एक पीपल के पेड़ के नीचे होली के दिन धूल उड़ाने की रस्म के साथ होली की पूजा संपन्न करवाई जा रही थी। उसी पेड़ के ऊपर भंवरों का छत्ता था। पूजा के दौरान जंगली भंवरों के झुंड ने ग्रामीणों पर हमला कर दिया। भंवरों ने सभी को दौड़ा-दौड़ा कर काटा। पूजा में शामिल कई इस हमले से घायल हो गए। एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को दुद्धी सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने बुजुर्ग को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि बुजुर्ग ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। ग्राम प्रधान ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। वहीं बुजुर्ग की मौत की जानकारी बुजुर्ग के परिवार को दी गई। पुलिस के अनुसार डॉक्टरों ने शव का पोस्टमार्टम किया और अन्य घायलों का इलाज जारी है। हमले में रामदेव, रामकिशुन, मानिक, रामसुंदर, केवल, नंदू और राम प्रसाद जख्मी हुए थे। रामदेव की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी। वहीं बुजुर्ग के घर मे मौत की खबर से कोहराम मचा हुआ है।


Next Story