भारत

महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे, भड़कीं सांसद

jantaserishta.com
1 July 2026 4:23 PM IST
महुआ मोइत्रा पर फेंके गए अंडे, भड़कीं सांसद
x
देखें वीडियो.
नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल के नादिया जिले में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की सांसद महुआ मोइत्रा ने बीजेपी समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महुआ मोइत्रा का दावा है कि नादिया के कालीगंज स्थित अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय में उनके ऊपर अंडे और बैंगन फेंके गए. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी समर्थक लगातार पार्टी कार्यालय की तीसरी मंजिल को निशाना बनाकर अंडे और बैंगन फेंक रहे थे.
महुआ मोइत्रा ने सोशल मीडिया पर घटना की जानकारी देते हुए कहा कि पुलिस काफी देर से मौके पर पहुंची, लेकिन वहां मौजूद रहने के बावजूद उसने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की और मूकदर्शक बनी रही. फेसबुक लाइव में उन्होंने आरोप लगाया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाने के बजाय पुलिस केवल तमाशा देखती रही.
हालांकि, इस घटना पर अभी तक बीजेपी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. वहीं, पुलिस ने भी सार्वजनिक रूप से इस मामले में कोई विस्तृत बयान जारी नहीं किया है. बता दें कि यह मामला ऐसे समय सामने आया है, जब हाल ही में कलकत्ता हाईकोर्ट ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक विरोधियों या विभिन्न मामलों के आरोपियों पर अंडे फेंकने की बढ़ती घटनाओं को लेकर सख्त टिप्पणी की है.
मंगलवार को इस संबंध में दायर एक जनहित याचिका (पीआईएल) पर सुनवाई करते हुए कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश तपब्रत चक्रवर्ती और न्यायमूर्ति पार्थ सारथी चटर्जी की खंडपीठ ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि अंडे फेंकने की हर घटना में पुलिस अनिवार्य रूप से एफआईआर दर्ज करे.
सुनवाई के दौरान अदालत ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा कि किसी व्यक्ति पर आरोप लगने का मतलब यह नहीं है कि उसके मौलिक अधिकार समाप्त हो जाएं. अदालत ने यह भी कहा कि जब कोई व्यक्ति पुलिस हिरासत में होता है या राज्य की सुरक्षा में होता है, तब उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य की जिम्मेदारी है.
हाईकोर्ट ने राज्य की शुभेंदु सरकार से 20 जुलाई तक हलफनामा दाखिल कर यह बताने को भी कहा है कि अंडे फेंकने की घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं और अब तक ऐसे मामलों में कितनी एफआईआर दर्ज की गई हैं. अदालत ने राज्य सरकार को भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश तैयार करने का भी निर्देश दिया.
उधर, राज्य सरकार की ओर से अदालत में पेश एडिशनल एडवोकेट जनरल ने कहा कि सरकार का स्पष्ट रुख है कि किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती. उन्होंने बताया कि जबरन वसूली और अन्य मामलों के आरोपियों पर अंडे फेंकने के कुछ मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी भी की गई है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story