भारत

स्कूल को तबेला बनाने के बयान पर घिरे शिक्षा मंत्री, अभिजीत दीपके ने किया पलटवार

SHIDDHANT
22 Aug 2026 10:21 PM IST
स्कूल को तबेला बनाने के बयान पर घिरे शिक्षा मंत्री, अभिजीत दीपके ने किया पलटवार
x
स्कूलों की हालत पर छिड़ी बहस
Jaipur जयपुर। राजस्थान में सरकारी स्कूलों की व्यवस्थाओं को लेकर चल रहे विवाद के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) प्रमुख अभिजीत दीपके ने राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के बयान पर पलटवार किया है। शिक्षा मंत्री द्वारा स्कूलों को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाने की अपील के बाद दीपके ने सवाल उठाते हुए कहा, “स्कूल भैंसों का तबेला बन जाए तो ठीक है? दरअसल, CJP इन दिनों ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत पार्टी की टीमें अलग-अलग राज्यों के सरकारी स्कूलों का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेने और कमियों को सामने लाने का दावा कर रही हैं।
राजस्थान में भी CJP की टीम जयपुर जिले के रामपुरा कंवरपुरा गांव स्थित सरकारी स्कूल पहुंची थी। टीम का नेतृत्व आशुतोष रांका कर रहे थे। CJP का आरोप है कि स्कूल की स्थिति देखने पहुंची टीम के साथ ग्रामीणों ने कथित तौर पर मारपीट की और उन्हें वहां से जाने के लिए मजबूर किया। इस घटना के बाद राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कहा कि विद्यालयों को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों से जुड़े लोग स्कूलों में जाकर अनावश्यक माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल बच्चों के भविष्य निर्माण का पवित्र स्थान हैं। यहां राजनीति के बजाय शिक्षा, संस्कार और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य पर ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों और आम लोगों से अपील की कि वे स्कूलों की गरिमा और शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें। मदन दिलावर के इस बयान पर CJP प्रमुख अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया देते हुए सवाल उठाया कि यदि स्कूलों की हालत खराब हो जाए तो क्या उस पर सवाल नहीं उठाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों की वास्तविक स्थिति सामने लाना राजनीति नहीं बल्कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार की कोशिश है।
CJP का आरोप है कि रामपुरा कंवरपुरा गांव में उनकी टीम पर हमला किया गया। पार्टी ने दावा किया कि हमले में भाजपा समर्थित लोगों की भूमिका थी। CJP सह-संयोजक आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि टीम के सदस्यों पर पथराव किया गया, वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया और महिला कार्यकर्ताओं के साथ अभद्रता की गई। वहीं, घटना से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग CJP टीम के सदस्यों के साथ बहस करते और उन्हें गांव में प्रवेश करने से रोकते दिखाई दे रहे हैं। कुछ वीडियो में वाहनों के शीशे टूटे हुए भी नजर आ रहे हैं। फिलहाल इस मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जहां सरकार स्कूलों को राजनीति से दूर रखने की बात कर रही है, वहीं CJP का कहना है कि स्कूलों की खराब व्यवस्थाओं को उजागर करना जरूरी है।
Next Story