
x
MUMBAI मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग नेटवर्क से जुड़े मामले में ‘चैलेंजर किंग’ के नाम से पहचाने जाने वाले मेहमूद अब्दुल समद भगाड़ के खिलाफ तीसरी सप्लीमेंट्री प्रॉसिक्यूशन कंप्लेंट दाखिल की है। यह शिकायत 1 अक्टूबर 2026 को प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के तहत मुंबई की विशेष अदालत में दाखिल की गई।
मामला साइबर फ्रॉड, अवैध ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग से जुड़े पैसों को कथित रूप से म्यूल बैंक खातों के जरिए घुमाने से जुड़ा है। ED के अनुसार, जांच की शुरुआत नासिक के मालेगांव छावनी पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR से हुई थी। बाद में महाराष्ट्र ATS ने इस मामले को दोबारा दर्ज किया। जांच एजेंसियों का ध्यान तब इस नेटवर्क की ओर गया, जब नासिक मर्चेंट्स को-ऑपरेटिव बैंक की मालेगांव शाखा में हाल ही में खोले गए खातों में 100 करोड़ रुपये से अधिक की रकम जमा होने की जानकारी सामने आई।
ED का दावा है कि जांच में मेहमूद भगाड़ के निर्देश पर शेल कंपनियां बनाई गईं और उनके नाम पर कई बैंक खाते खोले गए। इन खातों में कुल मिलाकर 157 करोड़ रुपये से अधिक की रकम पहुंची। इसके बाद यह पैसा कथित तौर पर भगाड़ के नियंत्रण वाली अन्य शेल कंपनियों के खातों में अलग-अलग स्तरों पर ट्रांसफर किया गया।
एजेंसी के मुताबिक, इस नेटवर्क के जरिए बैंक खातों से बड़ी मात्रा में रकम निकाली गई और हवाला चैनलों के माध्यम से दूसरी जगहों पर भेजी गई। ED इस बात की भी जांच कर रही है कि साइबर फ्रॉड और ऑनलाइन गेमिंग-बेटिंग से जुड़े धन को किस तरह वैध लेनदेन का रूप देने की कोशिश की गई।
Next Story





