
पंजाब। पंजाब में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी की एक रेड ने सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को मुश्किल में डाल दिया है. इस रेड के बाद ईडी की ओर से जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति में आम आदमी पार्टी पंजाब के अध्यक्ष और सूबे की सरकार में मंत्री अमन अरोड़ा का भी नाम आया है. इसे लेकर विपक्षी दलों ने अरोड़ा के इस्तीफे की मांग करते हुए उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. वहीं, अमन अरोड़ा ने बयान जारी कर सफाई दी है.
ईडी ने धीर कंस्ट्रक्शन और सनसिटी प्रोजेक्ट्स से जुड़े गौरव धीर के मनी लॉन्ड्रिंग एंगल का भी जिक्र किया है. ईडी के मुताबिक गौरव धीर ने अल्टस प्रोजेक्ट को 130 करोड़ रुपये में खरीदा. इसकी कीमत 170 करोड़ से ज्यादा ही कम आंकी गई थी. ईडी ने गौरव धीर को अमन अरोड़ा का करीबी सहयोगी बताया है. आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट के अध्यक्ष अमन अरोड़ा फिलहाल गवर्नेंस रिफॉर्म्स और रिन्यूएबल एनर्जी विभाग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. ईडी की प्रेस विज्ञप्ति में अमन अरोड़ा का नाम आने के बाद विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. शिरोमणि अकाली दल के महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने कहा है कि इन छापों ने पंजाब में आप की कट्टर ईमानदार छवि को पूरी तरह उजागर कर दिया है. उन्होंने गौरव धीर, सीएलयू घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग केस का उल्लेख करते हुए कहा कि इन नेटवर्क्स को संरक्षण किसने दिया और इस कथित घोटाले से किसे फायदा हुआ?
बिक्रम सिंह मजीठिया ने यह भी दावा किया कि सीएम भगवंत मान के करीबी लोगों के बाद अब अमन अरोड़ा की बारी आ गई है. उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार का आरोप भी लगाया. वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के पंजाब अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी आम आदमी पार्टी पर हमला बोला. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया है. अपने पोस्ट में पंजाब बीजेपी अध्यक्ष ने लिखा है कि ईडी की कार्रवाई ने तथाकथित कट्टर ईमानदारी की सच्चाई उजागर कर दी है. उन्होंने आगे लिखा कि सीएम मान कह रहे थे कि इस ईडी रेड से हमारा कोई संबंध नहीं है, लेकिन करोड़ों के लेनदेन में आम आदमी की पार्टी होने का दावा करने वालों के प्रदेश अध्यक्ष का नाम सामने आ गया है. जाखड़ ने लिखा है कि यह तो बस शुरुआत है, अभी कई और परतें खुलनी बाकी हैं. उन्होंने आगे लिखा- सबका साथ, सबका विकास के बाद अब लगता है कि सबका हिसाब का समय भी आ गया है. पंजाब विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी है.





