
x
Delhi दिल्ली: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कोच्चि जोन टीम ने बुधवार को केरल की कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (सीएमआरएल) से जुड़े मामले में बड़ी कार्रवाई की। एजेंसी ने केरल और बेंगलुरु में कुल 10 ठिकानों पर छापेमारी की, जिनमें कोट्टायम, एर्नाकुलम, कन्नूर और तिरुवनंतपुरम सहित कई स्थान शामिल रहे। कार्रवाई कंपनी, उसके निदेशकों और पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की बेटी वीणा से जुड़े परिसरों पर भी की गई।
ईडी के अनुसार, यह मामला 2019 में आयकर विभाग की छापेमारी से सामने आया था, जिसमें करीब 130 करोड़ रुपए के फर्जी खर्च का खुलासा हुआ था। बाद में कंपनी ने इसे आयकर निपटान आयोग के सामने स्वीकार भी किया था। जांच एजेंसियों के मुताबिक, सीएमआरएल पर 2015-16 से 2022-23 के बीच बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताओं और फर्जी लेनदेन के आरोप हैं। एसएफआईओ की रिपोर्ट में 182 करोड़ रुपए के फर्जी कैश खर्च और कथित रिश्वत लेनदेन का भी जिक्र है।
ईडी का कहना है कि वीणा की कंपनी को आईटी कंसल्टेंसी के नाम पर 2.78 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया, जबकि वास्तविक सेवाएं नहीं दी गईं। इसके अलावा 50 लाख रुपए का कर्ज भी दिया गया था। छापेमारी के दौरान कई दस्तावेज, डिजिटल सबूत और बैंक रिकॉर्ड जब्त किए गए हैं। एजेंसी ने 242 खातों में मौजूद 18.36 करोड़ रुपए भी फ्रीज कर दिए हैं। तिरुवनंतपुरम में कार्रवाई के दौरान ईडी टीम पर हमला होने का भी आरोप है, जिसमें एक ड्राइवर घायल हुआ। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है।
Next Story





