भारत

ई-रिक्शा चालक ने किया महिला यात्री का बलात्कार, फिर ईंट से जानलेवा हमला

Nilmani Pal
31 May 2024 1:54 AM GMT
ई-रिक्शा चालक ने किया महिला यात्री का बलात्कार, फिर ईंट से जानलेवा हमला
x
क्राइम न्यूज़

दिल्ली। पंजाब से अपने बच्चे संग दिल्ली आई एक महिला को ई-रिक्शा चालक द्वारा अगवा कर दुष्कर्म करने का शर्मनाक मामला सामने आया है। 25 वर्षीय पीड़ित महिला बिहार की रहने वाली है। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने उसके सिर पर ईंट से हमला कर घायल कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता से तीन हजार रुपये और उसका मोबाइल फोन भी लूटकर फरार हो गया। दिल्ली पुलिस ने गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास जख्मी हालत में मिली महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना 26 मई की है। हालांकि, इस शर्मनाक मामले का खुलासा महिला की सेहत में सुधार होने के बाद हुआ। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उत्तरी जिला पुलिस के डीसीपी मनोज कुमार मीणा ने बताया कि 26 मई की रात गीता कॉलोनी फ्लाईओवर लूप के पास एक महिला के साथ लूटपाट करने की कॉल मिली थी। पुलिस को वहां पर बिहार निवासी 25 वर्षीय महिला जख्मी हालत में पड़ी मिली। घायल महिला के साथ उसका तीन साल का बच्चा भी था। पुलिस ने महिला को अरुणा आसफ अली अस्पताल में भर्ती कराया। सेहत में सुधार होने के बाद महिला ने आपबीती बताई।

पुलिस को दिए गए बयान में महिला ने यह बताया कि रास्ते में चालक ने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। इसके बाद वह महिला को लेकर गीता कालोनी फ्लाईओवर के पास सुनसान जगह ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला का बच्चा भी वहीं मौजूद था। वारदात के वक्त महिला को होश आने लगा तो उसने रिक्शा चालक का विरोध किया। इसपर आरोपी ने ईंट से हमला कर उसे घायल कर दिया। आरोपी मोबाइल और नकदी लूटकर फरार हो गया।

Next Story