भारत

तेज हवा चलने से जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में अचानक बदला मौसम का मिजाज

Shantanu Roy
13 April 2024 12:05 PM GMT
तेज हवा चलने से जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में अचानक बदला मौसम का मिजाज
x
सिरोही। जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में गुरुवार को अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। मौसम का मिजाज बदलने से शाम को तेज हवाओं के साथ आसमान में बादल छा गए। दिनभर की उमस के बाद शाम को ठंडी हवा चलने से मौसम खुशनुमा हो गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। उधर तेज हवा चलने से धुल-मिट्टी उडऩे से लोग परेशान रहे। उधर, मौसम केन्द्र के अनुसार आंधी-बारिश की गतिविधियां 12 अप्रेल को भी प्रदेश में कई जगहों पर होगी। जबकि 13 अप्रैल को एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी राजस्थान व आसपास के क्षेत्र के ऊपर प्रेरित परिसंचरण तंत्र बनने की प्रबल संभावनाएं हैं। इसके प्रभाव से 13-14 अप्रेल को बीकानेर, जोधपुर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में तीव्र मेघगर्जन, कहीं-कहीं तेज अंधड़ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से आने की प्रबल संभावना है। इस दौरान कहीं-कहीं वज्रपात व ओलावृष्टि भी होने की संभावना है।

माउंट आबू. अर्बुदांचल की हसीन वादियों में गुरुवार को बार-बार मौसम बदलता रहा। तापमान में आई गिरावट से मौसम सुहाना रहा। तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच माउंट आबू की वादियों में हल्की धूल उड़ती रहने से उमस मिश्रित गर्मी का माहौल रहा। दिन में आसमान में बादलों की आवाजाही रही। सवेरे आसमान में छाए बादलों के बीच से उगते सूरज का मनभावन नजारा आकर्षण का केंद्र रहा। पर्यटकों ने सवेरे सड़कों, बाजारों में चहलकदमी करते हुए मौसम का आनंद लिया। दिन में दर्शनीय स्थलों का दीदार कर पर्यटकों ने पर्यटन यात्रा के हसीन लम्हों को यादगार बनाया। न्यूनतम तापमान में 2.7 डिग्री की गिरावट आने से तापमापी का पारा 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं अधिकतम तापमान भी 2.8 डिग्री सेल्सियस लुढ़क जाने से तापमापी पारा 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। पूर्वाहन तक आसमान में बादलों का आवागमन रहा। दोपहर बाद घने बादल छा गए। तेज हवा चलनी आरंभ हो गई। धूल, मिट्टी उड़ने व अचानक आई बारिश से दर्शनीय स्थलों के अवलोकनार्थ गए सैलानियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। तेज आंधी के बीच बूंदाबांदी आरंभ हो गई जो हल्की बारिश में तब्दील हो गई।
Next Story