भारत

OYO होटल में मिला DU छात्रा का शव, सुसाइड नोट बरामद, बॉयफ्रेंड फरार

SHIDDHANT
24 Nov 2026 10:10 PM IST
OYO होटल में मिला DU छात्रा का शव, सुसाइड नोट बरामद, बॉयफ्रेंड फरार
x
अचानक बंद हुआ मोबाइल, अगले दिन होटल में मिला छात्रा का शव
फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की 19 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। सराय थाना क्षेत्र स्थित एक ओयो होटल के कमरे से छात्रा का शव बरामद किया गया है। मृतका की पहचान गांधी कॉलोनी के कुरैशीपुर निवासी अर्चना के रूप में हुई है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट और संदिग्ध जहरीला पदार्थ मिला है। वहीं, छात्रा के साथ होटल आए उसके बॉयफ्रेंड का अभी तक पता नहीं चल सका है।
पुलिस के मुताबिक, अर्चना सोमवार सुबह कॉलेज जाने के लिए अपने घर से निकली थी। दोपहर करीब तीन बजे तक वह अपने परिजनों के संपर्क में थी। इसके बाद अचानक उसका मोबाइल फोन बंद हो गया। काफी प्रयास के बावजूद जब परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।
मंगलवार को सराय थाना क्षेत्र के एक होटल में छात्रा का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच की। पुलिस ने घटनास्थल से बरामद सामग्री को जांच के लिए कब्जे में लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भेज दिया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि अर्चना अपने बॉयफ्रेंड के साथ होटल में आई थी। बताया जा रहा है कि छात्रा का पड़ोस में रहने वाले विपिन यादव के साथ प्रेम संबंध था। घटना के बाद से विपिन का पता नहीं चल सका है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पुलिस होटल के कमरे से बरामद सुसाइड नोट की लिखावट की जांच करा रही है। इसके अलावा छात्रा के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन और उसकी गतिविधियों से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
छात्रा किन परिस्थितियों में होटल पहुंची और उसकी मौत कैसे हुई, इन सवालों के जवाब तलाशने में पुलिस जुटी हुई है। फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। छात्रा की असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Next Story