भारत

डीएसपी की कार पलटी, मौके पर पहुंची पुलिस

Shantanu Roy
17 March 2024 3:40 PM IST
डीएसपी की कार पलटी, मौके पर पहुंची पुलिस
x
सिरोही। सिरोही साइबर सेल से स्थानांतरित होकर जोधपुर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर जा रहे पुलिस उप अधीक्षक किशनसिंह की कार फोरलेन पर शिवगंज के समीप पलट कर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस घटना में डीएसपी किशनसिंह एवं उनकी पत्नी घायल हो गए। जिन्हें तत्काल ही उपचार के लिए शिवगंज जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार सिरोही साइबर सेल में तैनात पुलिस उप अधीक्षक किशनसिंह का तबादला जोधपुर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर हो गया है। वे शुक्रवार दोपहर पश्चात सिरोही से विदाई लेकर अपनी पत्नी के साथ कार से जोधपुर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि उनकी कार के पीछे उनके घरेलू सामान से भरी एक पिकअप भी चल रही थी।
शाम करीब चार बजे उनकी कार शिवगंज के समीप सुमेरपुर पुलिस थाना क्षेत्र के पालडी जोड पुलिया के समीप पहुंची थी कि, सडक पर बिखरे प्लास्टिक दानों की वजह से उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की जानकारी मिलने पर शिवगंज थाने से सहायक उप निरीक्षक प्रेमसिंह, राजेन्द्रसिंह, पप्पाराम, मनोहरसिंह सहित करणी सेना के संरक्षक राजेन्द्रसिंह मुंडी, गणपतसिंह जोयला, दशरथसिंह जोयला मौके पर पहुंचे तथा घायल डीएसपी किशोरसिंह एवं उनकी पत्नी को उपचार के लिए शिवगंज के जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार चार-पांच बार पलटी खा गई। गनीमत रही कि कार में सवार दंपति सुरक्षित बच गए। बहरहाल, उपचार के बाद डीएसपी किशनसिंह एवं उनकी पत्नी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। थाने में आवश्यक कार्रवाई के बाद डीएसपी उनकी पत्नी के साथ जोधपुर के लिए रवाना हुए।
Next Story